आउटसोर्स कर्मियों की हड़ताल
से अस्पताल में काम प्रभावित
चंबा मेडिकल कॉलेज में ड्यूटी पर नहीं आए आउट सोर्स कर्मचारी
मरीजों की पर्ची बनाने को नर्सों और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की लगी ड्यूटी
तीन माह से आउट सोर्स कर्मचारियों को नहीं मिला है वेतन, बढ़ी परेशानी
अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज में तैनात आउटसोर्स कर्मचारियों ने शुक्रवार को हड़ताल कर दी। शुक्रवार को कोई भी कर्मचारी अपनी ड्यूटी पर नहीं गया। इस कारण अस्पताल में काफी सेवाएं प्रभावित हुईं। मरीजों की पर्ची बनाने के लिए काउंटर पर आउट सोर्स कर्मचारी की जगह नर्सें और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी बिठाए गए। इस तरह अस्पताल प्रबंधन ने व्यवस्थाएं चलाने का प्रयास किया, लेकिन मरीजों को हड़ताल की वजह से काफी परेशानी झेलनी पड़ी। मेडिकल कॉलेज के सभी विभाग इस हड़ताल से प्रभावित हुए। क्योंकि मेडिकल कॉलेज के सभी विभागों में आउट सोर्स कर्मचारी तैनात हैं। जिनके हड़ताल पर जाने से सेवाएं चरमरा गई हैं। अस्पताल प्रबंधन को सेवाएं सुचारु रखने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। हालांकि आउटसोर्स कर्मचारियों ने शांति प्रिय ढंग से अपना आंदोलन किया।
मेडिकल कॉलेज आउट सोर्स कर्मचारी महासंघ के प्रधान कुलविंद्र सिंह ने बताया कि मेडिकल कॉलेज में कार्यरत 274 कर्मचारियों को तीन माह से वेतन नहीं मिला है। सरकार और मेडिकल कॉलेज प्रबंधन कर्मचारियों को वेतन के नाम पर मात्र आश्वासन दे रहे हैं। इससे उन्हें परिवार का पालन पोषण करने में परेशानी हो रही है। कई आउट सोर्स कर्मचारी ऐसे हैं जो कि किराये पर कमरे लेकर रह रहे हैं। तीन महीने से किराया न देने पर मकान मालिक उन्हें कमरा खाली करने को बोल रहे हैं। कइयों को अपने बच्चों की फीस भरने के लाले पड़ गए हैं। कुछ दिन पहले चंबा दौरे पर आए स्वास्थ्य मंत्री को भी महासंघ ने ज्ञापन सौंपा था। स्वास्थ्य मंत्री ने दस फरवरी से पहले वेतन जारी करने का आश्वासन दिया था। जो कि मात्र आश्वासन ही रहा। इस कारण अब कर्मचारियों की सब्र का बांध टूटने लगा है। अब महासंघ ने निर्णय लिया है। सात दिन तक दो घंटे की हड़ताल की जाएगी। इसके बाद भी सरकार ने उनकी मांगें नहीं मानी, तो आउट सोर्स कर्मचारी महासंघ अस्पताल के बाहर भूख हड़ताल शुरू कर देगा। जिसके बाद जो भी परिस्थिति पैदा होगी। उसकी जिम्मेवारी सरकार और मेडिकल कॉलेज प्रबंधन की होगी।