चंबा। चंबा-भरमौर मार्ग पर जुलाहकड़ी में वीरवार को आधा घंटे तक ट्रैफिक जाम लगा रहा। इस दौरान सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गई। इस वजह से राहगीरों समेत वाहन चालकों का परेशानी का सामना करना पड़ा। हैरानी इस बात की है कि वहां पर ट्रैफिक जाम खोलने के लिए कोई भी ट्रैफिक कर्मी नहीं पहुंचा। इसकी वजह से आधे घंटे तक लोगों को ट्रैफिक जाम में फंसना पड़ा। इसके बाद कहीं जाकर ट्रैफिक जाम खुला।
जुलाहकड़ी में ट्रैफिक जाम होना आम बात हो गई है। जुलाहकड़ी में तैनात ट्रैफिक कर्मी मात्र अधिकारियों की गाड़ियों को निकालने तक सीमित हैं। अधिकारियों की गाड़ी के आने-जाने के समय ट्रैफिक कर्मी मुस्तैद हो जाते हैं।
ट्रैफिक जाम में फंसने वाले लोगों से उन्हें कोई लेना-देना नहीं होता। उन्होंने अपनी ड्यूटी का दायरा सीमित कर रखा है। ट्रैफिक जाम की समस्या को लेकर कई बार स्थानीय लोग प्रशासन और पुलिस विभाग को अवगत भी करवा चुके हैं। मगर अभी तक समस्या का कोई समाधान नहीं हो पाया है। जुलाहकड़ी में सुबह और शाम के समय ट्रैफिक जाम होने से स्कूली बच्चों को सबसे ज्यादा परेशानी होती है। ज्यादातर निजी प्राइवेट स्कूल इसी मार्ग पर हैं। यहां पढ़ने वाले बच्चे पैदल और वाहनों के जरिये जुलाहकड़ी से होकर जाते हैं।
ट्रैफिक जाम में फंसे चैन सिंह, राजकुमार, सुरेंद्र, मान सिंह, टेक चंद, योगराज, अजय, रवि कुमार और देसराज ने बताया कि जुलाहकड़ी में ऐसा कोई दिन नहीं जाता, जब वहां ट्रैफिक जाम नहीं लगा हो। इसका मुख्य कारण ट्रैफिक पुलिस की लापरवाही है। वहां तैनात पुलिस कर्मी अधिकारियों की गाड़ी को निकालने तक डयूटी निभाता है। इसके बाद ट्रैफिक व्यवस्था राम भरोसे रहती है।