अमर उजाला ब्यूरो
तेलका (चंबा)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल भजोत्रा व तेलका की छात्राओं ने बनीखेत में संपन्न हुई अंडर-19 की जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता में उमदा प्रदर्शन किया। भजोत्रा स्कूल की छात्राओं ने जिला भर के सभी स्कूलों को पछाड़ते हुए खो-खो का फाइनल मुकाबला जीतकर ट्रॉफी अपने नाम की। वहीं एथलेटिक में इसी स्कूल की सीमा देवी को बेस्ट एथलीट चुना गया।
जैवलिन थ्रो में सीमा देवी ने पहला व रीना देवी ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। 100 मीटर दौड़ में सीमा देवी ने पहला व मनीषा देवी ने तीसरा स्थान पाया। 200 मीटर दौड़ में सीमा देवी ने दूसरा, चार सौ मीटर दौड़ में रेशमा देवी ने पहला व मोनू देवी ने दूसरा, आठ सौ मीटर दौड़ में शालू देवी ने पहला व रीना देवी ने दूसरा, पंद्रह सौ मीटर दौड़ में रेशमा देवी ने पहला और तीन हजार मीटर दौड़ में रीना देवी ने पहला स्थान प्राप्त करके स्कूल का नाम चमकाया। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल तेलका व जसौरगढ़ की छात्राओं को कबड्डी प्रतियोगिता में संयुक्त विजेता घोषित किया गया। एथलेटिक में तेलका स्कूल की छात्राओं ने भी दमखम दिखाते हुए मेडल हासिल किए।
शॉटपुट मे तेलका स्कूल की बिंदु देवी ने पहला व मनीषा देवी ने तीसरा स्थान, लंबी कूद में अंजलि ने दूसरा, डिस्कस थ्रो में जैतून बेगम ने तीसरा स्थान प्राप्त करके स्कूल का नाम रोशन किया। वहीं, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल भजोत्रा के प्रधानाचार्य जगदीश कालिया व पीईटी महिंद्र शर्मा ने बताया कि छात्राओं ने उमदा प्रदर्शन करते हुए कई गोल्ड व सिल्वर मेडल हासिल किए। वहीं तेलका स्कूल के प्रधानाचार्य अरुण शर्मा का कहना है कि छात्राओं ने जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में उमदा प्रदर्शन किया। इसके लिए छात्राएं व उनके कोच बधाई के पात्र हैं।