चंबा। जिले में तीन स्कूल कर्मचारियों समेत 16 कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इसके चलते चंबा जिले को चौथे दिन भी कोरोना से राहत नहीं मिल पाई है।
सोमवार को चंबा में कोरोना के 58 केस आए थे। जबकि शनिवार और रविवार को भी दो दर्जन से अधिक कोरोना संक्रमण के केस दर्ज किए गए थे। लगातार कोरोना संक्रमण के बढ़ रहे मामलों के चलते जिले में एक बार फिर से कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या 211 पहुंच गई है।
जिले में अभी तक 1370 लोग कोरोना संक्रमण का शिकार हो चुके हैं। जबकि 1137 कोरोना मरीज कोरोना को मात दे चुके हैं। इसके अलावा 19 लोगों की जान जा चुकी है। स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना संक्रमित मरीजों को संबंधित कोविड केयर सेंटरों में शिफ्ट कर दिया है।
सरकार के स्कूलों को खोलने के आदेश होने के बाद स्वास्थ्य विभाग सभी सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कोरोना जांच कर रहा है। इसके बाद स्कूलों स्टाफ के कोरोना संक्रमित होने के मामले भी सामने आ रहे हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश गुलेरी ने बताया कि जिलह्य में मंगलवार को कोरोना के 16 नए संक्रमण के मामले सामने आए हैं। जिले में कोरोना के मामले पिछले चार दिनों में बढ़े हैं। इसलिए लोगों को बचाव के जरूरी तरीके अपनाने की आवश्यकता है।