साहो (चंबा)। पंचायत सुंगल के तहत भियोड़, गली और लुडेरा के तीन गांवों में पानी के लिए हाहाकार मचा है। हालत यह है कि इन गांवों में पिछले पांच दिन से पेयजल आपूर्ति नहीं हो पाई है। उपभोक्ताओं की मानें तो वे कई बार विभागीय कर्मचारियों और अधिकारियों को पेयजल की आपूर्ति को सुचारु करवाने की मांग करते आ रहे हैं।
बावजूद इसके अभी तक समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। ग्रामीणों ने आईपीएच विभाग के अधिशासी अभियंता से प्राथमिकता के आधार पर पेयजल की आपूर्ति को बहाल करने की मांग उठाई है। इससे लोगों को पानी के लिए भटकना पड़ रहा है।
गौरतलब हो कि पेयजल उपभोक्ताओं को पेयजल उपलब्ध करवाने से संबंधित आईपीएच विभाग के दावे हवा होते दिख रहे हैं। ग्रामीण संजय कुमार, किरण कुमार, विनोद कुमार, नरेश कुमार, संजय कुमार, दलीप कुमार, प्रमोद कुमार और अजय कुमार ने आईपीएच विभाग के अधिशासी अभियंता से प्राथमिकता के आधार पर पेयजल की आपूर्ति को सुचारु करवाने की मांग उठाई है। इससे लोगों को परेशानियों का सामना न करना पड़े।
आईपीएच विभाग के अधिशासी अभियंता दिनेश कपूर ने बताया कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी है। उन्होंने कहा कि अगर ऐसी बात है तो प्राथमिकता के आधार पर समस्या का समाधान करवाया जाएगा।