चंबा। पति की मारपीट से तंग आकर जिले की एक महिला ने पुलिस अधीक्षक को शिकायत पत्र सौंपा है। सत्या देवी निवासी घघरौता ने पुलिस अधीक्षक को बताया कि वर्ष 2013 में उसकी शादी हुई थी। लेकिन, शादी के कुछ साल बाद पति ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। रोजाना वह गाली गलौच करने लगा। काफी समय तक वह पति की प्रताड़ना को सहन करती रही। लेकिन, जब पति की प्रताड़ना बढ़ गई तो उसने पति के खिलाफ न्यायालय में अर्जी दी। जहां पर उसके पति ने माफी मांगते हुए उसके साथ समझौता किया।
इसके साथ ही व्यवहार में सुधार लाने का भी आश्वासन दिया। कुछ समय तक वह सबकुछ सामान्य चलता रहा। लेकिन अब दोबारा से उसका व्यवहार बदल चुका है। रोजाना वह उसके साथ मारपीट करता है। इसकी वजह से वह काफी परेशान हो चुकी है। इसलिए महिला ने पुलिस अधीक्षक से गुहार लगाई कि पति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाए। जिससे वह दोबारा उसके साथ दुर्व्यवहार न करे। पुलिस अधीक्षक डॉ. मोनिका ने महिला को आश्वासन दिया कि मामले की गंभीरता से जांच की जाएगी।