अमर उजाला ब्यूरो
खज्जियार (चंबा)। पर्यटन सीजन शुरू होते ही खज्जियार में सफाई व्यवस्था बुरी तरह से चरमराने लगी है। हालत यह है कि खज्जियार मैदान में कूड़े के ढेर लगे हैं। इसकी वजह यह है कि यहां कूड़ेदानों से नियमित रूप से कूड़ा नहीं उठाया जा रहा है। वन्य प्राणी विभाग ने निजी कंपनी को खज्जियार की सफाई व्यवस्था का ठेका दे रखा है। कंपनी ने दस सफाई कर्मचारियों को खज्जियार की सफाई के लिए लगाना था। लेकिन मौजूदा समय में चार कर्मचारी ही व्यवस्था को देख रहे हैं। इस कारण खज्जियार में सफाई व्यवस्था बुरी तरह से चरमरा गई है।
आलम यह है कि झील मैदान में जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं। इसके बीच में आवाजाही करने में पर्यटकों को परेशानी पेश आ रही है। हालांकि कूड़ेदानों और मैदान से कूड़ा कर्कट रोजाना उठाने के लिए सफाई कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई है। मगर मैदान में कूड़ा उठाने वाले सफाई कर्मचारी कम ही नजर आते हैं। इससे खज्जियार की सुंदरता को भी दाग लग रहा है।
वन्य प्राणी विभाग ने कुछ समय खज्जियार की सफाई सही तरीके से करवाने के लिए निजी ठेकेदार को इसका जिम्मा सौंपा। कुछ दिनों तक ठेकेदार ने झील मैदान की बढ़िया से सफाई करवाई। लेकिन मौजूदा समय में मैदान की सफाई व्यवस्था चरमराने लगी है। इसको लेकर वन्य प्राणी विभाग को कड़े कदम उठाने की आवश्यकता है। जिससे खज्जियार की सुंदरता और स्वच्छता पर किसी प्रकार का दाग न लगे। स्थानीय लोगों ने भी जिला प्रशासन और वन्य प्राणी विभाग से मांग की कि खज्जियार की स्वच्छता में ढील बरतने वाले लोगों पर कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाए।
वन पालक राजकुमार ने बताया कि सफाई के ठेकेदार को निर्देश दे दिए गए हैं कि खज्जियार में सफाई कर्मचारियों की संख्या बढ़ाकर अच्छे तरीके से सफाई करवाएं। अन्यथा उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।