अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। पंजाब से चंबा आने वाले दूध और पनीर के सैंपल फेल हो गए हैं। इससे शहर और आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया है। पंजाब से पैकेट बंद होकर हजारों लीटर दूध की सप्लाई हर रोज होती है। इस दूध का हजारा लोग सेवन करते हैं। ऐसे में दूध का सैंपल फेल होने से लोगों को सेहत की चिंता सताने लगी है। इसको लेकर विक्रेता को स्वास्थ्य विभाग ने नोटिस जारी कर दिया है। विक्रेता को एक महीने के भीतर नोटिस का जवाब देना होगा। अन्यथा उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। दूध और पनीर के साथ पेठा और गुलाब जामुन का सैंपल फेल हुआ है। चंबा रोजाना पंजाब से मालवाहक वाहनों में दूध और पनीर की भारी मात्रा में सप्लाई पहुंचती है। यह दूध और पनीर जिले के दुकानदारों को बेचा जाता है। दुकानदार अपने-अपने परिक्षेत्र के अधीन आने वाले लोगों को दूध और पनीर बेचते हैं। कुछ समय पहले जिला खाद्य सुरक्षा नामित अधिकारी महेश कश्यप और जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक आनंद ने लोगों की सेहत को ध्यान में रखते हुए पंजाब से आने वाली दूूध और पनीर की सप्लाई की जांच की थी। इस दौरान पनीर और दूध के सैंपल भरकर जांच के लिए कंडाघाट लैब भेजे। लैब में जांच पड़ताल के दौरान दोनों उत्पाद गुणवत्ता में खरे नहीं उतरे हैं। लैब की जांच में दूध, पनीर और गुलाब जामुन को सब स्टेंडर्ड बताया गया है। जबकि पेठा के सैंपल को मिस ब्रांडेड घोषित किया गया। जिन विक्रेेताओं के उत्पाद गुणवत्ता में फेल हुए हैं। उन्हें एक महीने के भीतर जवाब देना होगा। इसके बाद यह केस एडीसी कोर्ट में चलेगा। यहां पर विक्रेताओं को जुर्माना लगेगा।
इनसेट
जिला मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. वाईडी शर्मा ने बताया कि पंजाब से चंबा आने वाले दूध और पनीर के सैंपल फेल हो गए हैं। इसको लेकर संबंधित विक्रेताओं को नोटिस जारी कर दिया गया है। विभागीय अधिकारी आगामी कार्रवाई को अंजाम दे रहे हैं।