अमर उजाला ब्यूरो
भरमौर (चंबा)। जिले में बदले मौसम के मिजाज से शीतलहर बढ़ गई है। कबायली क्षेत्रों भरमौर, पांगी सहित चुराह, साहो, सिल्लाघ्राट, किहार की ऊपरी चोटियों पर बर्फबारी होने के बाद निचले क्षेत्र शीतलहर की चपेट में आ गए हैं। शुक्रवार को आसमान में बादल छाने और ऊपरी चोटियों पर दोपहर बाद हल्की बर्फबारी से ठंड में इजाफा हो गया। गौरतलब है कि कबायली क्षेत्र भरमौर की ऊपरी चोटियों मणिमहेश, कुगति, चौबिया, सुप्पा, काली छौ, जालूसू, इंद्रहार, जोत भटोर और चन्हौता में शुक्रवार दोपहर बाद रुक-रुक कर अमूमन एक फीट तक बर्फबारी हुई है। जनजातीय क्षेत्र पांगी में भी दोपहर बाद हल्की बर्फबारी का क्रम बदस्तूर जारी रहा। इसके अलावा साहो क्षेत्र की ऊंची चोटियों पर सुबह से ही बर्फबारी होने का क्रम जारी रहा। क्षेत्र की दराटी धार, ऐण पुखरधार, डिल्लाधार, वैईली धार, छकुंड जोत, डीभरी धार, सुन्दराणी धार, जुन्गली धार और हाथीहाथिन धार पर सुबह से ही रुक-रुक कर हल्की बर्फबारी होती रही। साहो क्षेत्र के निचले हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहा। बारिश और बर्फबारी से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। ग्रामीणों ने भी ठंड से बचने के लिए गर्म कपड़े पहनना शुरू कर दिए हैं।
उपायुक्त चंबा हरिकेश मीणा ने कहा कि लोगों को पहले ही मौसम के बिगड़ने संबंधी एडवाइजरी जारी की जा चुकी है। कहा कि मौसम के बदलते मिजाज के चलते बर्फबारी के दौरान ग्रामीण अपने घरों से दूर न निकलें।