अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने वीरवार को मिलावटी दूध बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए साठ किलो मिलावटी दूध फिंकवाया है। इसके साथ ही भैंस के दूध के सैंपल भी भरे। इसे जांच के लिए कंडाघाट लैब में भेजा जाएगा। इतना ही नहीं बाजार में भारी मात्रा में बिकने वाले देसी राजमाह और माश दाल के भी स्वास्थ्य टीम ने सैंपल भरे हैं। राजमाह और दाल की जांच करने के बाद स्वास्थ्य टीम हलवाई की दुकानों में पहुंची। यहां पर दाल की पिन्नी का सैंपल भरा। इन सभी खाद्य पदार्थों को लेकर स्वास्थ्य विभाग के पास शिकायतें पहुंच रही थी। इन्हीं शिकायतों के आधार पर स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक आनंद की अगुवाई में स्वास्थ्य टीम ने शहर में बिकने वाले खाद्य पदार्थों की जांच की। चामुंडा मार्ग पर टीम ने वीरवार को सुबह के समय नाका लगाया। इस दौरान डिब्बों में दूध की सप्लाई लाने वाले लोगों को रोककर उनके दूध की जांच की गई। इस दौरान विभागीय टीम को एक डिब्बे में भरे दूध को लेकर शक हुआ। क्योंकि दूध काफी पतला और मिलावट युक्त दिखाई दे रहा था। इसके चलते टीम ने उस दूूध को फिंकवा दिया। राजमाह, माह दाल और दाल की पिन्नी (मिठाई) के सैंपलों को जांच के लिए कंडाघाट भेजा जाएगा। यहां पर इन खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांची जाएगी। गुणवत्ता में जो उत्पाद खरे नहीं उतरेंगे। उन्हें बेचने वाले दुकानदारों के खिलाफ विभाग नियमानुसार कार्रवाई करेगा।
इनसेट
जिला मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. वाईडी शर्मा ने बताया कि स्वास्थ्य टीम ने मिलावटी दूध को फिंकवाया है। इसके साथ ही तीन उत्पादों के सैंपल भरे हैं। इनकी गुणवत्ता जांच कंडाघाट लैब में होगी। लैब की रिपोर्ट आने पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।