डलहौजी/चंबा। जिले में शुक्रवार देर रात हुई भारी बारिश से भरमौर-पठानकोट राष्ट्रीय उच्च मार्ग ढुंढियारा बंगला के पास भारी ल्हासा गिरने से आठ घंटे तक यातायात के लिए बंद रहा। पहाड़ी का एक बड़ा भाग दरककर सड़क पर आ गिरा। मार्ग पर खड़ा एक ट्रक भी मलबे में दब गया। चालक ने समय रहते भागकर अपनी जान बचाई। सूचना मिलने के बाद एनएच मंडल चंबा की दो जेसीबी मार्ग को खोलने के लिए मौके पर पहुंचीं। लोनिवि ने भी मार्ग को बहाल करने में सहयोग दिया। शनिवार देर शाम तक मार्ग यातायात के लिए बहाल कर दिया गया। इसके अलावा चुवाड़ी-डलहौजी मार्ग करखड़ा के पास यातायात के लिए बाधित हो गया, जोकि शाम के समय बहाल कर दिया गया।
एसडीएम भटियात बचन सिंह ने बताया कि भारी बारिश के चलते किशोरी लाल पुत्र भगतो निवासी त्रिहू की एक गोशाला ढह गई। गोशाला के अंदर पांच मवेशी मलबे में दबने से मर गए। इस घटना में उसे एक लाख बीस हजार रुपये का नुकसान हुआ है। प्रशासन की ओर से सात हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई है। नाड़ा गांव में नर्द पुत्र बंगाली का कच्चा मकान भारी बारिश से क्षतिग्रस्त हो गया। इसमें तीस हजार का नुकसान आंका गया है। इसी गांव में सुरजीत पुत्र सिंह का पक्का मकान भारी बारिश से क्षतिग्रस्त हो गया। उसे दस हजार का नुकसान हुआ है। वहीं गोधरा गांव में फौजी पुत्र दिकठी का कच्चा मकान क्षतिग्रस्त हो गया। इसके अलावा तुऐल गांव में अंग्रेज पुत्र चंदू की एक गोशाला व पक्का मकान बारिश से क्षतिग्रस्त हुआ है। इसमें परिवार को तीस हजार का नुकसान हुआ है। डोघ गांव में रूको देवी की गोशाला को बारिश से बीस हजार का नुकसान हुआ है।
एसडीएम डलहौजी डॉक्टर मुरारी लाल ने बताया कि दो गोशालाएं व एक कच्चा मकान भारी बारिश के चलते क्षतिग्रस्त हुए हैं। कुम्हारका गांव में बदरी नाथ पुत्र ज्ञान चंद का कच्चा मकान, कंडेई गांव में रानो देवी की गोशाला और दहोग गांव में फ्रांगो पुत्र मंगला की गोशाला भारी बारिश से क्षतिग्रस्त हुई है। नुकसान की रिपोर्ट तैयार कर ली है। जल्द ही सहायता राशि प्रदान की जाएगी।
एसडीएम सलूणी विजय धीमान ने बताया कि पटवार सर्कल भलेई के अंतर्गत शुक्रवार शाम को बारिश से एक गेशाला, एक कच्चा मकान व एक पक्के मकान को क्षति पहुंची है। इसमें तीनों परिवारों को करीब पौने तीन लाख का नुकसान हुआ है। रिपोर्ट तैयार हो चुकी है। जल्द ही सहायता राशि प्रदान की जाएगी।