राजकीय माध्यमिक पाठशाला नगोड़ी में शुक्रवार को वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह मनाया गया। इस मौके पर राजकीय माध्यमिक पाठशाला साच के मुख्याध्यापक सुधीर सहगल ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।
समारोह का आगाज बच्चों ने सरस्वती वंदना पेश कर किया। इसके बाद स्कूली बच्चों ने रंगारंग कार्यक्रम पेश किए। स्कूली बच्चों ने चंबयाली गीत चंबा आर की नदिया पार..., छड मेेरी बहियां जो अडे़या..., पारली बणिया मोर जो बोले हो... इत्यादि गीत प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं। विद्यार्थियों ने इसके बाद पंजाबी, हिंदी गीतों पर भी डांस किया।
स्कूली बच्चों ने स्वच्छ भारत का संदेश देते हुए शौचालय विषय पर स्किट प्रस्तुत की। विद्यालय के मुख्याध्यापक नरेंद्र सहगल ने वर्ष भर में हुई विभिन्न गतिविधियों की रिपोर्ट पेश की। मुख्यातिथि सुधीर सहगल ने विभिन्न गतिविधियों में अव्वल रहने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया। इस मौके पर साधना शर्मा, ओम प्रकाश, रीमा सहगल, एसएमसी सदस्य, पंचायत प्रधान और अभिभावक मौजूद रहे।