चंबा। जिले के 1500 युवाओं के बेरोजगारी भत्ते पर रोक लगा दी है। सी फॉर्म नहीं भरने पर जिला रोजगार कार्यालय ने यह कार्रवाई अमल में लाई है। विभाग ने साफ कहा है कि जब तक उक्त बेरोजगार सी-फॉर्म जमा नहीं करवाते हैं, तो उन्हें भत्ते की अगली किस्त की अदायगी नहीं की जाएगी।
विभाग की इस कार्रवाई से युवाओं में हड़कंप मच गया है। विभागीय जानकारी के अनुसार अभी तक करीब सात सौ युवाओं ने ही सी-फार्म जमा करवाया है। इन्हें इस माह बेरोजगारी भत्ते की किस्त का भुगतान किया जाएगा। जबकि शेष बेरोजगारों को सी फॉर्म जमा नहीं करवाने के चलते बेरोजगारी भत्ता नहीं मिलेगा।
जिले के करीब 2600 युवाओं को बेरोजगारी भत्ता योजना के तहत पंजीकृत किया गया है। इसमें चार सौ लोगों को रोजगार मिल गया है। विभाग ने युवाओं को भत्ते के लिए जल्द सी फार्म भरने के निर्देश दिए हैं।
इनसेट
क्या है सी-फॉर्म
हर साल बेरोजगारों को बेरोजगारी भत्ता जारी रखने के लिए सी-फार्म जमा करवाना होता है। अप्रैल माह में यह प्रक्रिया शुरू होती है। मगर इस बार कोविड के चलते इसमें देरी हुई।
इसके तहत बेरोजगार अभ्यर्थी यह घोषणा करता है, कि उसे अभी तक किसी प्रकार का रोजगार नहीं मिला है और वह योजना से लाभान्वित होने के लिए पात्र है।
जिला रोजगार अधिकारी अरविंद सिंह चौहान ने बताया कि करीब डेढ़ हजार बेरोजगारों ने सी-फार्म जमा नहीं करवाया है। इसके चलते उन्हें मिलने वाले भत्ते पर रोक लगा दी गई है। उन्होंने युवाओं से सी-फार्म जमा करवाने का आह्वान किया है।