चुवाड़ी (चंबा)। स्वास्थ्य विभाग ने बुधवार को समोट, किहार अज्ञैर मेडिकल कॉलेज के फ्लू क्लीनिक से 15 सैंपल कोरोना जांच के लिए टांडा मेडिकल कॉलेज भेजे हैं। इन सैंपलो की रिपोर्ट वीरवार शाम तक आने की संभावना है। समोट क्षेत्र से स्वास्थ्य विभाग ने बुधवार को 11 लोगों के सैंपल लिए।
जबकि किहार से 2 और मेडिकल कॉलेज की फ्लू क्लीनिक से भी 2 संभावित मरीजों के सैंपल जांच के लिए एकत्रित किए गए हैं। हालांकि चंबा में कोरोना पॉजिटिव का नया मामला पिछले तीन दिनों में कोई नहीं आया है। जोकि जिलावासियों के लिए राहत की खबर है।
वहीं स्वास्थ्य विभाग ऐसे सभी लोगों के सैंपल ले रहा है, जिनमें कोरोना संक्रमण के लक्षण होने की संभावना नजर आती हो। चंबा में अभी तक जो भी कोरोना पॉजिटिव केस आए हैं, उन्हें टांडा मेडिकल कॉलेज और नेर चौक मंडी में शिफ्ट किया गया है।
हालांकि चंबा में स्वास्थ्य विभाग ने आईसोलेशन वार्ड की व्यवस्था कर ली है। भविष्य में अगर कोई कोरोना पॉजिटिव केस आता है, तो शायद उसे चंबा मेडिकल कॉलेज के आईसोलेशन वार्ड में रखा जा सकता है। इसके लिए मेडिकल कॉलेज प्रबंधन की ओर से डॉक्टरों की टीमें भी गठित की जा चुके हैं। यहआईसोलेशन वार्ड में सेवाएं देंगी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश गुलेरी ने बताया कि बुधवार को समोट, किहार और फ्लू क्लीनिक से 15 सैंपल जांच के लिए टांडा भेजे गए हैं। इनकी रिपोर्ट वीरवार शाम तक आ सकती है। इसके बाद आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।