चंबा। चंबा डिपो को जवाहरलाल नेहरू शहरी नवीनीकरण मिशन (जेएनएनयूआरएम) के तहत मिली 25 बसों में से 15 बसें तकनीकी खराबी और मरम्मत के अभाव में धूल फांक रही हैं। इससे रूट प्रभावित हो रहे हैं।
कुछ बसें तो कोरोना काल के समय से खराब हैं और बस स्टैंड और सड़क के किनारे खड़ी इन बसों में जंग लग गया। यात्री अंजली ठाकुर, बबली देवी, कमला देवी, मोहन कुमार, संगम कुमार और दलीप का कहना है कि जिस रूट पर जेएनएनयूआरएम की दो-दो बसें चलती थीं, वहां अब एक भी नहीं चल रही है। पता किया गया तो जानकारी सामने आई कि खराब बसों की मरम्मत के लिए स्पेयर पार्ट्स की कमी बड़ी समस्या बनी हुई है। उधर, एचआरटीसी के डीडीएम शूगल सिंह का कहना है कि जेएनएनयूआरएम की 10 बसें वर्तमान में चल रही हैं, जो बसें खराब हैं, उनकी मरम्मत करवाई जा रही है।