बर्फ पिघली नहीं, कैसे स्कूल पहुंचेंगे नौनिहाल
किहार क्षेत्र के स्कूलों में अभी भी दो से तीन फीट तक जमी है बर्फ
अभिभावकों ने प्रशासन से की छुट्टियां बढ़ाने की उठाई मांग
अमर उजाला ब्यूरो
किहार (चंबा)। किहार सेक्टर में भारी बर्फबारी के बाद अभी तक जनजीवन सामान्य नहीं हो पाया है। क्षेत्र के तहत आते सरकारी स्कूल अभी भी बर्फ से लकदक है। जानकारी के अनुसार यहां अभी भी करीब दो से लेकर साढ़े तीन फीट बर्फ जमीं हुई। इस कारण यहां लोग घरों से बाहर निकलने में गुरेज कर रहे हैं। वहीं, दूसरी तरफ जिला प्रशासन ने 18 फरवरी को शीतकालीन सत्र के स्कूल खोलने के आदेश दिए हैं। ऐसे में अब अभिभावकों की चिंता बढ़ गई है। अभिभावकों का कहना है कि इतनी बर्फ के चलते नौनिहालों का स्कूल पहुंचना खतरे से खाली नहीं है। उन्होंने जिला प्रशासन से गुहार लगाई है कि छुट्टियों को बढ़ाया जाए। ताकि नौनिहालों को स्कूल पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी ना हो।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्राथमिक पाठशाला प्रियुंगल, लोदणी,लंगेरा, भैंठ, बरोह व हाई स्कूल किलोड-द्वितीय, माध्यमिक स्कूल जखराल, सूरी, सीनियर सेकेंडरी स्कूल मंगली में भारी हिमपात हुआ है। यहां अभी भी दो से साढ़े तीन फीट तक बर्फ जमीं हुई है। प्रशासन की ओर से दो बार शीतकालीन स्कूलों को खोलने की तिथि में फेरबदल हो चुका है। स्थानीय अभिभावकों में मूल चंद, भीम सैन, याकूब मोहम्मद, सलीम खान, सुरेंद्र सिंह, आलम खान, राज कुमार, उमेश कुमार का कहना है कि क्षेत्र में सात और आठ फरवरी को हिमपात हुआ था। इसके बाद से परेशानियां बढ़ गई। अभिभावकों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द छुट्टियों को बढ़ाया जाए, ताकि उन्हें किसी प्रकार की दिक्कत न पेश आए।