भरमौर (चंबा)। जिले में शनिवार देर रात ऊपरी चोटियों में बर्फबारी हुई है तो वहीं, निचले क्षेत्रों में मूसलाधार बारिश से कड़ाके की ठंड पड़ रही है। इस वजह से लोग घरों में दुबकने को मजबूर हैं। रविवार को भी ऊपरी चोटियों में बर्फबारी का दौर जारी रहा। जिले में भरमौर, किहार, तीसा, पांगी, साहो और सलूणी के अधीन आने वाली ऊपरी चोटियों में बर्फबारी हुई है। जबकि चंबा समेत अन्य मध्यम पर्वतीय क्षेत्रों में रूक-रूक बारिश होती रही। ठंड से बचने के लिए लोग चाय की चुस्की लेते हुए आग सेंकते नजर आए।
गौरतलब हो कि जिले में शनिवार आधी रात से ही बारिश और ऊपरी क्षेत्रों में बर्फबारी का क्रम जारी हो गया। वहीं, किहार की ऊपरी चोटियों गढ़ माता, घार मंदराला, बनका गोठ, गुल्लू की मंडी, सौंणतीथ, फैजाल, पद्धरी जोत, मराली धार, सिप्पीधार और खजरालीधार में एक से आधे फीट तक बर्फबारी हुई है। किहार की ऊपरी चोटियों में होने वाली बर्फबारी के बाद लोगों घरों में कैद हो गए हैं। कबायली क्षेत्र पांगी की ऊपरी चोटियों हुड़ानधार, साचपास, थांदलधार, चैहणी जोत, नागटेंठ में तीन इंच से लेकर एक फुट तक बर्फबारी हुई है।
इसके अलावा क्षेत्र में होने वाली मूसलाधार बारिश ने लोगों की दिक्कतों को भी बढ़ाकर रख दिया है। भरमौर की धाराओं में मणिमहेश, चौबिया, कुगति, सुप्पा, बड़ग्रा, तुंदाह, घटोर, कुवारसी में दस सेंटीमीटर तक हिमपात दर्ज किया गया है। ऊपरी क्षेत्रों में बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में पूरा दिन भर होने वाली बारिश के चलते जिले में शीतलहर का प्रकोप जारी है। कबायली क्षेत्र भरमौर में बढ़ने वाली ठंड के चलते लोगों ने गर्म कपड़े पहनना शुरू कर दिया है। वहीं, अचानक बढ़ने वाली ठंड ने लोगों की दिक्कतों को बढ़ाने का काम किया है।