चंबा। राजकीय प्राथमिक पाठशाला सकरैणा प्रथम से गैरहाजिर चल रहे प्राथमिक सहायक शिक्षक को खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय गैहरा से नोटिस जारी किया है। अध्यापक को स्कूल से गैरहाजिर रहने का कारण और 12 मार्च तक हर हाल में स्कूल में उपस्थिति दर्ज करवानी होगी। अन्यथा विभाग की ओर से आगामी एक तरफा कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। बताया जा रहा है कि अध्यापक पिछले काफी दिनों से स्कूल नहीं आ रहा है। इस पर बीईईओ कार्यालय ने इसकी सूचना प्रारंभिक शिक्षा विभाग के कार्यालय में सूचना दी और यहां डेपुटेशन आधार पर अध्यापक की तैनाती की। इस मामले का खुलासा स्कूल की स्कूल प्रबंधन समिति ने किया है।
स्कूल प्रबंधन समिति ने इसकी शिकायत तीन मार्च को बीईईओ को दी। इसमें बताया गया कि शिक्षक पिछले कई दिनों से स्कूल से गायब है। इसके चलते बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। ऐसे में विभाग ने इस मामले को लेकर त्वरित कार्रवाई करते हुए सूचना विभाग को दी और विभाग ने तुरंत डेपुटेशन आधार पर स्कूल में शिक्षक की तैनाती की। इसके साथ ही उक्त शिक्षक को नोटिस जारी करने के आदेश जारी किए। बुधवार को खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी ने गैरहाजिर चल रहे शिक्षक को नोटिस भेजा गया।
12 मार्च तक नोटिस का जवाब अध्यापक को देना होगा। इसके साथ ही स्कूल में उपस्थिति भी दर्ज करवानी होगी। अन्यथा विभाग की ओर से नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी गैहरा शुभकर्ण ने बताया कि स्कूल प्रबंधन समिति ने इस बारे में तीन मार्च को शिकायत सौंपी थी। इस बारे में सूचना प्रारंभिक शिक्षा विभाग कार्यालय को दी गई। इस पर विभाग ने नोटिस जारी करने के आदेश दिए। अब नोटिस जारी कर दिया गया है। 12 मार्च तक अध्यापक को स्कूल में उपस्थिति दर्ज करवानी होगी। अन्यथा विभाग की ओर से आगामी कार्रवाई की जाएगी।