चांजू (चंबा) चांजू और देहरा में पिछले छह दिनों से दस गांव अंधेरे में डूबे हैं। इस वजह से क्षेत्र के लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे अधिक परेशानी गृहिणियों और स्कूल के बच्चों को उठानी पड़ रही है। देहरा पंचायत के मैहला में स्थापित ट्रांसफार्मर के जलने से यह समस्या सामने आई है। बिजली की आपूर्ति ठप होने से लोगों का जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित हुआ है। स्थानीय ग्रामीणों विशेषकर गृहिणियों और स्कूली बच्चों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गृहणियों को जहां रसोई का कार्य दिन में निपटाना पड़ रहा है। वहीं, स्कूली बच्चों को भी दिन के उजाले में ही स्कूल का काम करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों की मानें तो वह कई बार विद्युत बोर्ड के अधिकारियों और कर्मचारियों से गांवों में गुल पड़ी बिजली की सप्लाई को सुचारु करवाने की मांग उठाते आ रहे हैं। बावजूद इसके अभी तक समस्या का समाधान न हो पाना ग्रामीणों पर भारी पड़ता दिख रहा है। गौरतलब हो कि चांजू और देहरा पंचायत के अधीन आने वाले दस गांवों को विद्युत आपूर्ति देने वाला ट्रांसफार्मर जल चुका है। नतीजतन, गांवों के बाशिंदों को सर्द रातें अंधेरे में काटनी पड़ रही है। बिजली नहीं होने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों की मानें तो समयानुसार बिजली बोर्ड को बिजली बिलों की अदायगी करने के बाद भी अगर गांवों में बंद पड़ी बिजली की आपूर्ति को सुचारु करवाने में बोर्ड प्रबंधन नाकाम साबित होता है, तो बोर्ड को उपभोक्ताओं के बिजली बिलों में भी रियायत देनी चाहिए।
ग्रामीण् तेज सिंह, राम सिंह, टेक सिंह, दीवान चंद, ध्यान सिंह, पुन्नू राम, दिलीप सिंह, जय सिंह और ढाल सिंह ने बताया कि देहरा और चांजू पंचायतों के तहत आते गांवों में बिजली गुल होने के बारे में कई बार बोर्ड अधिकारियों को सूचित किया गया। इसके बाद बोर्ड के कर्मचारियों ने देहरा पंचायत के अधीन आते चार गांवों कुंडा, कल्पेही, मौरा और दंतुई में बाकायदा बिजली की आपूर्ति को सुचारु भी किया है। बावजूद अभी भी दो पंचायतों के दस गांवों में बिजली की आपूर्ति सुचारु नहीं हो पाई है। ग्रामीणों ने बोर्ड अधिकारियों और कर्मचारियों से प्राथमिकता के आधार पर गांवों में बंद पड़ी बिजली की सप्लाई को सुचारु करवाने की मांग उठाई है। बिजली बोर्ड के कनिष्ठ अभियंता गोपाल सिंह ने बताया कि बोर्ड कर्मचारियों की टीम के साथ वह खुद भी गांवों में बंद पड़ी बिजली की सप्लाई को सुचारु करवाने में जुटे हैं। नया ट्रांसफार्मर आने पर बिजली की आपूर्ति सुचारु करवा दी जाएगी।