चंबा। चंबा मेडिकल कॉलेज में जल्द ही नर्सों और ऑपरेशन थियेटर के तकनीकी स्टाफ के लिए प्रशिक्षण के कोर्स शुरू होंगे। इसके लिए अस्पताल प्रबंधन ने प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसको लेकर चंबा मेडिकल कॉलेज में जल्द ही बीएससी नर्सिंग, बीएससी टेक्नोलॉजी और डीएनबी एनेस्थिसिया के कोर्स शुरू होने जा रहे हैं। इसके लिए मेडिकल कॉलेज प्रबंधन ने प्रदेश सरकार को प्रस्ताव बनाकर भेज दिया है। इसकी मंजूरी मिलते ही इन कोर्सों को शुरू कर दिया जाएगा। मेडिकल कॉलेज के दूसरे सत्र में उपरोक्त नए कोर्स शुरू हो सकते हैं। जानकारी के अनुसार बीएससी नर्सिंग में 4 स्टूडेंट लिए जाएंगे। जबकि बीएससी टेक्नोलॉजी में पांच विभाग होंगे। इनमें प्रति विभाग में 5 स्टूडेंट लिए जाएंगे। इसके अलावा डीएनबी ऐनेस्थिसिया में 2 स्टूडेंट लिए जाएंगे। इन कोर्सों से शुरू होने में चंबा मेडिकल कॉलेज में नर्सों के साथ-साथ ऑपरेशन थिएटर का टेक्निकल स्टॉफ और बेहोशी के डॉक्टर भी तैयार होंगे। इसका लाभ जिले की साढ़े पांच लाख की आबादी को मिलेेगा।
मेडिकल कॉलेज चंबा में 100 एमबीबीएस प्रशिक्षु डॉक्टर की पढ़ाई कर रहे हैं। ऐसे में उपरोक्त कोर्स शुरू होने से मेडिकल कॉलेज में ऑपरेशन थिएटर सहित लैब का टेक्निकल स्टाफ भी तैयार होगा। इनकी जिले के स्वास्थ्य केंद्रों और अस्पतालों में लंबे समय से कमी चल रही है। इन कोर्सों के शुरू होने से टेक्निकल स्टाफ की कमी दूर होगी। मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। बीएससी टेक्नोलॉजी के अंतर्गत शुरू होने वाले पांच विभागों ऑपरेशन थिएटर टेक्नोलॉजी, एमसीटी एनेस्थिसिया, मेडिकल टेक्नोलॉजी, मेडिकल लैब टेक्नोलॉजी और बीएससी बायो के कोर्स शुरू होने से जिले के युवाओं को भी लाभ मिलेगा। पहले इन कोर्सों को करने के लिए युवाओं को प्रदेश से बाहर जाना पड़ता था। मगर चंबा मेडिकल कॉलेज में कोर्स शुरू होने से उनकी पढ़ाई घर पर ही हो जाएगी। इन कोर्सों की अवधि तीन साल रहेगी। इन कोर्सों की पढ़ाई करवाने के लिए अलग से स्टाफ की जरूरत नहीं पड़ेगी। मेडिकल कॉलेज का स्टाफ ही प्रशिक्षुओं को इन कोर्सों की पढ़ाई करवाएगा।
दूसरे सत्र में कोर्सों को शुरू करने का रहेगा प्रयास : डॉ. अनिल ओहरी
मेडिकल कॉलेज प्राचार्य डॉ. अनिल ओहरी ने बताया कि मेडिकल कॉलेज में उपरोक्त कोर्स शुरू करने की औपचारिकताएं पूरी की जा रही है। सरकार को प्रस्ताव बनाकर भेज दिया गया है। सरकार की मंजूरी मिलते ही उपरोक्त कोर्स शुरू हो जाएंगे। मेडिकल कॉलेज के दूसरे सत्र में इन कोर्सों को शुरू करने का प्रयास किया जा रहा है।