अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। जिले में कांग्रेस प्रत्याशियों को चार विधानसभा क्षेत्रों में मिलने वाली हार के बाद कांग्रेस की जिला कार्यकारिणी में अध्यक्ष और ब्लॉक अध्यक्ष को छोड़कर अन्य कार्यकारिणी को भंग कर दिया गया है। जल्द ही नए सिरे से जिला कार्यकारिणी के अन्य पदाधिकारियों और ब्लॉक कांग्रेस के पदाधिकारियों को मनोनीत किया जाएगा।
विधानसभा चुनाव 2017 में जिले के चार विधानसभा क्षेत्र भरमौर से कांग्रेसी प्रत्याशी ठाकुर सिंह भरमौरी, चुराह से कांग्रेस प्रत्याशी सुरेंद्र भारद्वाज, भटियात से कांग्रेस प्रत्याशी कुलदीप सिंह पठानिया और चंबा से कांग्रेस प्रत्याशी नीरज नैयर को हार का मुंह देखना पड़ा है। वहीं, सिर्फ डलहौजी विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी आशा कुमारी जीत हासिल करने में कामयाब रही हैं। ऐसे में अब कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष ने विस चुनाव 2017 में चार प्रत्याशियों को मिली हार को देखते हुए कांग्रेस के जिलाध्यक्ष और ब्लॉक अध्यक्ष को छोड़कर शेष कार्यकारिणी को भंग कर दिया है। चुनावों में मिली कांग्रेस प्रत्याशियों की हार के पीछे रहे कारणों का आकलन करने के बाद ही नए पदाधिकारियों को मनोनीत किया जाएगा। वहीं कांग्रेस के जिलाध्यक्ष सुरेंद्र भारद्वाज ने बताया कि कांग्रेस की जिला कार्यकारिणी को भंग करने बारे उन्हें अभी तक जानकारी नहीं मिली है।
कोट्स
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने बताया कि कांग्रेस जिला अध्यक्ष और ब्लॉक अध्यक्ष को छोड़कर शेष कार्यकारिणी को भंग कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही नए सिरे से पदाधिकारियों को मनोनीत किया जाएगा।