साढ़े छह किलोमीटर सड़क पर गड्ढों का मिटेगा नामोनिशान
लंबे समय से सड़क को पक्का करने की उठाई जा रही थी मांग
ऑनलाइन हो चुका है टेंडर, अब जल्द शुरू हो सकता है कार्य
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। जनजातीय क्षेत्र पांगी में सेचू से शुण सड़क पर 13 करोड़ रुपये से टारिंग और सोलिंग की जाएगी। इसके लिए लोक निर्माण विभाग ने ऑनलाइन टेंडर कर दिए हैं। टेंडर अगले माह खुलेंगे। इसके बाद सड़क को पक्का करने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत चरण चार में सड़क को पक्का करने की अनुमति मिली है। साढ़े छह किलोमीटर लंबी सड़क को पक्का करने की ग्रामीण लंबे समय से मांग कर रहे थे। इसके बाद लोगों को सड़क पर न तो गड्ढों का सामना करना पड़ेगा और न ही धूल-मिट्टी की वजह से कोई परेशानी होगी। टारिंग होने के बाद सड़क पर सफर सुगम हो जाएगा। सड़क पर दुर्घटनाओं को रोकने के लिए क्रैश बैरियर भी लगाए जाएंगे। यह सड़क 1000 आबादी को वाहन सुविधा प्रदान करती है। ऐसे में सड़क के पक्का होने की खबर मिलने से लोगों में खुशी की लहर है। त्रिलोक ठाकुर, भाग चंद, योगराज, हंसराज, कुलदीप, नरेंद्र और सुरेंद्र ठाकुर ने बताया कि पांगी घाटी की सड़कें निर्माण के बाद से कच्ची थीं। ऐसे में यहां वाहन दुर्घटना होने की संभावना भी बनी रहती थी। उन्होंने प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि सड़क को पक्का करने का कार्य शीघ्र करवाया जाए। इस कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। जो भी ठेकेदार इस कार्य को करे, उसके कार्य की नियमित जांच की जाए। उधर, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता रवि कुमार शर्मा ने बताया कि सड़क को पक्का करने के लिए टेंडर ऑनलाइन हो चुका है। जल्द ही इस कार्य को शुरू करवाया जाएगा।