चंबा।
जिले के किडनी रोगियों को जल्द ही जिले में मात्र 1098 रुपये में डायलिसिस की सुविधा मिलेगी। इससे मरीजों को अब डायलिसिस करवाने के लिए जिले से बाहर नहीं जाना पड़ेगा। स्वास्थ्य विभाग के पास इसकी अधिसूचना पहुंच चुकी है। एक महीने के भीतर डायलिसिस केंद्र शुरू होने की संभावना है। सरकार की ओर से डायलिसिस सेंटर चलाने का जिम्मा आउट सोर्स पर दिया गया है।
एस्केज संजीवनी कोलकाता प्रदेश में डायलिसिस केंद्र चलाए जाएंगे। अभी तक जिले के किडनी रोगियों को डायलिसिस करवाने के लिए दूसरे जिले में जाकर पांच हजार से आठ हजार रुपये चुकाने पड़ते हैं। इसके साथ ही आने जाने का खर्चा अलग से होता है। जिले में डायलिसिस की सुविधा मिलने से इसका फायदा मरीजों को मिलेगा। अब उन्हें इलाज करवाने के लिए भटकना नहीं होगा।
विज्ञापन
डायलिसिस केंद्र में तीन मशीनें स्थापित की जाएंगी। इसमें एक समय पर तीन मरीजों को उपचार मिल सकेगा। सरकार ने क्षेत्रीय अस्पताल प्रबंधन को लिखित निर्देश जारी किए हैं कि वह जल्द डायलिसिस केंद्र चलाने के लिए अस्पताल में जगह का चयन करें। इसके बाद सरकार और निदेशालय को सूचित करें। इसके बाद एस्केज संजीवनी की टीम अस्पताल में जाकर मशीनों को स्थापित करने को लेकर निरीक्षण करेगी। साथ ही अस्पताल प्रबंधन के साथ करारा किया जाएगा।
जल्द किया जाएगा डायलिसिस सेंटर स्थान का चयन : डॉ. विनोद शर्मा
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विनोद शर्मा ने बताया कि प्रदेश में पांच डायलिसिस सेंटर स्वीकृत हुए हैं। इसमें चंबा को भी शामिल किया गया है। इसको लेकर अधिसूचना भी आ चुकी है। एक या दो दिनों के भीतर डायलिसिस सेंटर को लेकर स्थान का चयन किया जाएगा। कोशिश है कि जल्द जिले के मरीजों को यह सुविधा मिले।