अमर उजाला ब्यूरो
चुवाड़ी (चंबा)। समोट में शराबियों ने शुक्रवार रात को जमकर हुड़दंग मचाया। इस दौरान हुड़दंगियों ने चंबा-सिहुंता रूट पर जा रही एचआरटीसी बस को करीब पौने घंटे तक रोके रखा। इस वजह से बस में बैठे यात्रियों को परेशानियों से जूझना पड़ा। इस दौरान बस में तीन दर्जन यात्री सवार थे। इसमें ज्यादा महिलाएं मौजूद थीं। शराबियों के हुड़दंग से यात्री बुरी तरह से सहमे रहे।
जानकारी के अनुसार चंबा-सिहुंता रूट पर दौड़ने वाली एचआरटीसी बस दोपहर डेढ़ बजे चंबा न्यू बस स्टैंड से रवाना हुई। पांच बजे यह बस चुवाड़ी पहुंची। इसके बाद बस वाया रायपुर होकर सिहुंता पहुंचती है। यह बस सात बजे समोट बाजार से गुजरती है। यात्रियों ने बताया कि शुक्रवार शाम को जब वह बस से गंतव्यों की ओर जा रहे थे तो समोट बाजार में शराब के ठेके के पास शराबियों ने जमकर हुड़दंग मचाया और करीब 45 मिनट तक बस को सड़क पर ही रोके रखा। इस दौरान अन्य वाहन भी फंसे रहे। इसके चलते उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ा। ऐसे में यात्री देरी से रात घरों में पहुंचे। यात्रियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि यहां पर नियमित गश्त की जाए और फिर समोट बाजार से शराब का ठेका हटाया जाए। समोट चौकी के मुख्य आरक्षी वीरेंद्र कुमार ने बताया कि इस बारे में जल्द ही उचित कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि गश्त लगाकर हुड़दंग मचाने वाले शराबियों पर शिकंजा कसा जाएगा।