अमर उजाला ब्यूरो
चंबा।
ऐतिहासिक चंबा चौगान में चल रही राजकुमार ब्रिजेंद्र सिंह मेमोरियल क्रिकेट प्रतियोगिता के तहत दो मैच खेले गए। पहले मैच में केएफसी खज्जियार ने जेएमडी ब्वॉयज को 55 रनों से हराया। दूसरे मैच में साहो जूनियर ने मंगला जूनियर को हराया।
प्रतियोगिता के आयोजक सचिव राजीव सहगल ने बताया कि पहले मैच में खज्जियार की टीम ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए खजियार की टीम ने निर्धारित बीस ओवरों में 142 रन बनाए। इसमें प्रदीप ने सर्वाधिक 46 और काका ने तीस रनों का योगदान दिया। जेएमडी ब्वॉयज की ओर से गेंदबाज अजय ने चार और मित्तु ने दो विकेट झटके। लक्ष्य का पीछा करने उतरी जेएमडी ब्वॉयज की टीम 87 रन ही बना सकी। जेएमडी की ओर से विशाल ने 46 रनों की पारी खेली। खज्जियार ने यह मैच 55 रनों से जीत लिया। दूसरे मैच में मंगला जूनियर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 101 रन बनाए। इसमें रोहित ने बीस और पंकू ने 18 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी साहो जूनियर ने 16 ओवरों में ही लक्ष्य हासिल कर लिया। साहो की ओर से गौरव ने 22 रन बनाए। आयोजक सचिव राजीव सहगल ने बताया कि बुधवार को भी दो मैच खेले जाएंगे।