चंबा। जनजातीय क्षेत्र पांगी की 12 सड़कों को पक्का करने में 100 करोड़ रुपये से अधिक धनराशि खर्च की जाएगी। लोक निर्माण विभाग ने इन कार्यों के टेंडर भी करवा दिए हैं।। टेंडर में साफ कहा गया है कि ठेकेदारों को यह कार्य 18 महीने में पूरा करना होगा।
प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के चरण चार में इन सड़कों को पक्का करने की स्वीकृति मिली है। इनमें झलवास, महालू नाल से करियुनी, सेचू से शुण, किलाड़ से हुड़ान, चस्क, उदीन, चकवास, घिसल, चलोली,परसम, खज्जियार और साच खास से परमार भटोरी सड़क शामिल है। वहीं, इन सड़कों पर क्रैश बैरियर लगाकर वाहन दुर्घटना की संभावनाओं को भी रोका जाएगा। अधीक्षण अभियंता कार्यालय में इन कार्यों के टेंडर हो चुके हैं। इसी माह ये टेंडर खोले जा सकते हैं। इसके बाद ठेकेदार सर्दी का मौसम खत्म होते ही अपने कार्य शुरू कर देंगे। स्थानीय निवासी सुरेश कुमार, चैन सिंह, रवि कुमार, देसराज, केवल, मनोज कुमार, सुरेंद्र कुमार और जय किशन ने बताया कि लंबे समय से घाटी के लोग मांग कर रहे थे कि सड़कों को पक्का किया जाए। अब टेंडर होने से लोगों में खुशी की लहर है।
उधर, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता रवि कुमार शर्मा ने बताया कि सड़कों के टेंडर हो चुके हैं। सड़कों को पक्का करने के कार्य में गुणवत्ता के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा।