अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। प्रदेश के ऐतिहासिक ब्रजेश्वरी मंदिर कांगड़ा, ज्वालामुखी मंदिर ज्वाला जी, बगुलामुखी मंदिर बनखंडी, चिंतपूर्णी मंदिर जिला ऊना, चामुंडा मंदिर कांगड़ा, गीता स्वामी चिन्मया मंदिर तपोवन, शिव मंदिर बैजनाथ, भागसुनाग मंदिर धर्मशाला आदि मंदिरों के दर्शन करने की इच्छा रखने वाले वरिष्ठ नागरिकों के लिए खुशखबरी है। देव भूमि दर्शन योजना के तहत वरिष्ठ नागरिकों को राज्य के प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों के दर्शन करवाए जाएंगे। देव भूमि दर्शन योजना के तहत पांच दिन में तीर्थ स्थलों की ये यात्रा संपन्न होगी। भाषा एवं संस्कृति विभाग कार्यालय चंबा जिला चंबा की ओर से 25 फरवरी 2019 को यात्रा आरंभ करने की तिथि निर्धारित की गई है। इसके लिए यात्रा पर जाने वाले वरिष्ठ नागरिक 18 फरवरी 2019 तक आवेदन कर सकते हैं। इस योजना का मुख्य उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को बेहतर और उत्तम परिवहन सुविधा के साथ राज्य के विभिन्न धार्मिक स्थानों का भ्रमण करवाना है, जो वित्तीय बाधाओं के चलते ऐसी यात्रा करने में असमर्थ हैं।
यात्रा खर्च में मिलेगी पचास फीसदी छूट
प्रदेश सरकार की ओर से 70 वर्ष के वरिष्ठ नागरिकों को यात्रा खर्च में 50 प्रतिशत की छूट दी जाएगी जबकि 80 वर्ष या इससे ऊपर के वरिष्ठ नागरिकों को यात्रा निशुल्क करवाई जाएगी। साथ ही 80 वर्ष या इससे ऊपर के वरिष्ठ नागरिकों के साथ एक पारिवारिक सदस्य अथवा पंजीकृत परिचारक को यात्रा खर्च में 50 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। यात्रा पर जाने वाले वरिष्ठ नागरिक की वार्षिक आय एक लाख से अधिक नहीं होनी चाहिए, जिसके लिए उन्हें आय प्रमाण पत्र भी आवेदन पत्र के साथ संलग्न करना होगा। इसके अलावा आवेदक को चिकित्सा प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, शपथ-पत्र, आयु प्रमाण पत्र, हिमाचल प्रदेश का मूल निवासी होने का प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा। आवेदक को यात्रा से पूर्व शपथ पत्र प्रस्तुत करना होगा। योजना का लाभ उठाने के लिए निर्धारित प्रपत्र जिला भाषा अधिकारी कार्यालय चंबा रंग महल से प्राप्त कर सकते हैं।
जिला भाषा अधिकारी सुरेश राणा ने बताया कि देव भूमि दर्शन योजना के तहत वरिष्ठ नागरिकों को राज्य के प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों के दर्शन करवाए जाएंगे। इसके लिए वरिष्ठ नागरिक जिला भाषा कार्यालय में 18 फरवरी तक अपने आवेदन जमा करवा सकते हैं।