चंबा। पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज में दूरबीन से पित्त की पत्थरी का ऑपरेशन करने के लिए लेप्रोस्कॉपी मशीन स्थापित कर दी गई है। इससे अब मरीजों के बिना चीरफाड़ के पत्थरी का ऑपरेशन हो सकेगा। अगले सप्ताह बुधवार और वीरवार को दो मरीजों के ऑपरेशन किए जाएंगे। लेप्रोस्कॉपी मशीन से ऑपरेशन के बाद मरीज को कई दिनों तक अस्पताल में भर्ती नहीं रहना पड़ेगा। ऑपरेशन के फौरन बाद ही मरीज को छुट्टी मिल जाएगी। इसके साथ ही दर्द रहित ऑपरेशन से मरीजों को काफी फायदा मिलेगा।
वर्तमान में दूरबीन से पित्त की पत्थरी का ऑपरेशन करवाने के लिए जिले के लोगों को मेडिकल कॉलेज टांडा जाना पड़ता है। यहां जाने के लिए पैसों की बर्बादी होती है तो वहीं ऑपरेशन की तारीख के लिए भी मरीजों को कई दिनों तक इंतजार करना पड़ता है। चंबा अस्पताल में ही लेप्रोस्कॉपी मशीन स्थापित होने के बाद अब मरीजों को जिले में ही इसकी सुविधा मिल सकेगी। यह जिले के मरीजों के लिए बड़ी राहत है। इसकी वजह यह है कि जिले में पित्त की पत्थरी के काफी अधिक मामले सामने आते हैं।
विज्ञापन
वर्तमान में हर रोज दो तीन ऑपरेशन किए जाते हैं। इस तरह से एक महीने में सौ से अधिक मरीजों के ऑपरेशन होते हैं। अब इस तरह के मरीजों को चीरफाड़ रहित ऑपरेशन करवाने की सुविधा मिलेगी। अस्पताल प्रबंधन ने आधुनिक मशीन को ऑपरेशन थियेटर में स्थापित कर दिया है। चंबा मेडिकल कॉलेज में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का फायदा जिले की छह लाख की आबादी को मिलेगा। इसको लेकर लोगों ने खुशी जाहिर किया।
लेप्रोस्कॉपी मशीन को ऑपरेशन थिएटर में स्थापित कर दिया गया है। अगले सप्ताह से मरीजों के ऑपरेशन भी शुरू कर दिए जाएंगे। इससे जिले के मरीजों को लेप्रोस्कॉपी से ऑपरेशन करवाने के लिए जिले से बाहर नहीं जाना होगा।