अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। जनजातीय क्षेत्र पांगी के तहत आती मिंधल पंचायत के सुखाई नाला में ग्लेशियर पहुंचने से ग्रामीण सहम गए हैं। यहां करीब आधा दर्जन परिवार गुजर-बसर कर रहे हैं। पांगी प्रशासन को इसके बारे में सूचना मिल गई हैै। प्रशासन ने सूचना के आधार पर स्थानीय पंचायत प्रधान को बर्फबारी शुरू होते ही इन परिवारों को सुरक्षित जगह शिफ्ट करने के आदेश दिए हैं। वहीं, दूसरी तरफ ग्रामीण ग्लेशियर को नजदीक आता देख भयभीत हो गए हैं। बताया जा रहा है कि बर्फबारी होती है तो गांव ग्लेशियर की चपेट में आ सकता है। जानकारी के मुताबिक इस गांव में बैंसी लाल, सुगु राम, रामानंद, वीर सिंह सहित अन्य लोग अपने परिवार के साथ रह रहे हैं। यहां मंदिर के साथ ही दो मंजिला सराय भी है।
एसडीएम पांगी बी भारती ने बताया कि इसके बारे में जानकारी मिली है। स्थानीय पंचायत प्रधान को एडवायजरी जारी कर दी गई है। साथ ही लोगों से भी आह्वान किया है कि वे सतर्क रहें।