अमर उजाला ब्यूरो
सलूणी (चंबा)। ठेकेदार की लापरवाही के कारण गोठ से देवगाह सड़क छह महीने में भी पक्की और चौड़ी नहीं हो पाई है। इस कार्य के लिए तीस लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत हुई है। इसको लेकर छह महीने पहले टेंडर भी हो चुके हैं। जिस ठेकेदार को सड़क को यह कार्य अवार्ड हुआ है। वह कार्य करने में दिलचस्पी नहीं दिखा रहा है। इसके चलते राहगीरों और चालकों को आवाजाही करने में परेशानी हो रही है। ठेकेदार ने 500 मीटर सड़क पर सॉलिंग का कार्य अधूरा छोड़ दिया है। इससे लोगों की समस्याएं कम होने की बजाय बढ़ गई हैं।
ग्रामीण परसराम, हेमराज, नारायण सिंह, बिहारी लाल, प्रेम सिंह, सुभाष कुमार और अमर सिंह ने बताया कि गोठ से देवगाह सड़क को पक्का करवाने को लेकर ग्रामीण लंबे समय से मांग कर रहे थे। ग्रामीणों की मांग को ध्यान में रखते हुए सरकार ने 30 लाख की धनराशि विभाग के नाम जमा करवा दी। विभाग ने ठेकेदार को सड़क को पक्का और चौड़ा करने का कार्य सौंपा। मगर ठेकेदार कार्य को कछुआ गति से कर रहा है। उन्होंने जिला प्रशासन और लोनिवि से मांग की कि उपरोक्त सड़क को जल्द पक्का और चौड़ा करवाया जाए। अगर ऐसा नहीं हुआ तो सलूणी, सूरी, किलोड़ और खरल के बाशिंदे कार्यालय में धरने पर बैठ जाएंगे। अधिशाषी अभियंता अरूण पठानिया ने बताया कि सड़क को पक्का करने को लेकर धनराशि स्वीकृत है। अगर ठेकेदार कार्य को तय समय पर पूरा नहीं करता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।