चंबा। शहर की एक गैस एजेंसी से सिलिंडर में गैस की जगह पानी भरकर उपभोक्ता को भेज दिया गया। इसकी शिकायत एक दंपती ने वीरवार को एसडीएम चंबा दिप्ती मंढोत्रा से की। इसमें दंपती ने गैस ऐजेंसी की कारगुजारी के बारे में बताया। इसके साथ ही नया सिलिंडर दिलवाने की मांग रखी। दंपती की मांग को जायज ठहराते हुए एसडीएम ने संबंधित गैस ऐजेंसी के मालिक को निर्देेश दिए कि दंपती को शीघ्र नया सिलिंडर मुहैया करवाया जाए। एसडीएम के निर्देश के बाद दंपती को नया सिलिंडर मिल गया है। मगर इस मामले से शहर में चल रही अव्यवस्था उजागर हो गई है।
रविंद्र कुमार निवासी सराहन ने बताया कि मंगलवार को करियां स्थित गैस ऐजेंसी में सिलिंडर भरवाया। जब वह सिलिंडर में गैस भरवाकर घर पहुंचे और चूल्हे के साथ सिलिंडर को लगाकर जलाने की कोशिश की तो सिलिंडर से पानी बहना शुरू हो गया। इससे बुरी तरह से सहम गए। उन्होंने सिलिंडर को उठाकर खेत में पहुंचाया। यहां पर पेन के जरिये सिलिंडर से पानी को निकाला। पानी निकालने के बाद दोबारा उन्होंने सिलिंडर चूल्हे के साथ लगाया। इसके बाद गैस जल पड़ी। मगर सिलिंडर की गैस कुछ ही देर में खत्म हो गई। इसको लेकर उन्होंने एसडीएम चंबा से गैस ऐजेंसी मालिक की शिकायत की। इसके साथ ही पानी से भरे सिलिंडर को बदलने की गुहार लगाई। उनकी समस्या को देखते हुए एसडीएम ने उनका सिलिंडर बदलवाकर नया सिलिंडर प्रदान करने के निर्देश गैस ऐजेंसी मालिक को दिए। एसडीएम चंबा दिप्ती मंढोत्रा ने बताया कि उनके पास सिलिंडर में पानी होने के बारे में शिकायत पहुंची थी। इस बारे में डीएफएससी चंबा को समस्या का समाधान करवाने के बारे में निर्देश जारी किए गए हैं।