सलूणी (चंबा)। विकास खंड सलूणी की चार पंचायतों में 29 जुलाई को उपचुनाव होंगे। इन उपचुनावों के लिए 13 उम्मीदवारों ने आवेदन किए हैं। क्षेत्र के पंचायत प्रतिनिधियों के पद खाली होने से विकास कार्य प्रभावित हो रहे थे। ग्राम पंचायत डियुर में उपप्रधान पद के लिए तीन नामांकन आए हैं। जबकि भुनाड़ पंचायत में उपप्रधान पद के उपचुनाव के लिए छह आवेदन आए हैं। वहीं ग्राम पंचायत हिमगिरी के वार्ड नंबर एक के लिए दो उम्मीदवारों ने आवेदन किया है। जबकि मौड़ा पंचायत के वार्ड नंबर एक के लिए भी दो लोगों ने आवेदन किया है।
आवेदन करने की प्रक्रिया खत्म हो चुकी है। अब कोई भी उम्मीदवार आवेदन नहीं कर सकता है। जबकि नामांकन वापिस लेने की आखिरी तारीख 18 जुलाई तक की गई। पंचायत निरीक्षक दर्शन सिंह ठाकुर ने बताया कि 29 को पंचायतों में उपचुनाव होंगे। इसको लेकर सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। उपचुनाव के सफल आयोजन को लेकर कर्मचारियों की ड्यूटी में करीब तय हो चुकी है।
खाली पड़े पदों को भरने के लिए होंगे उपचुनाव : इंदु बाला
खंड विकास अधिकारी सलूणी इंदु बाला ने बताया कि सलूणी की चार पंचायतों में पंचायत प्रतिनिधियों के चार पद खाली पड़े थे। इसे भरने के लिए उपचुनाव करवाए जा रहे हैं। उपचुनाव के जरिये इन पदों को भरा जाएगा। ताकि पंचायतों में विकास के कार्य नहीं रुक सकें।