अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। चंबा मेडिकल कॉलेज के दूसरे सत्र को शुरू करने के लिए प्रबंधन औपचारिकताएं पूरी कर ली हैं। इसको लेकर पांच विभागों में जल्द ही असिस्टेंट प्रोफेसरों की तैनाती की जाएगी। एमसीआई ने एमबीबीएस के दूसरे सत्र को लेकर पांच आपत्तियां लगाई थीं। इसमें फार्माकोलॉजी, फोरेंसिक मेडिसिन, कॉम्युनिटी मेडिसिन, माइक्रोबायोलॉजी और पैथोलॉजी विभाग में प्रोफेसरों की तैनाती करने को कहा गया था। इसको देखते हुए प्रबंधन ने इन विभागों को मेडिकल कॉलेज में स्थापित कर दिया है। इसमें जल्द ही प्रोफेसरों की नियुक्ति भी होने वाली है। इसको प्रबंधन ने प्रस्ताव बनाकर सरकार को भेज दिया है। जल्द ही इसकी स्वीकृति भी मिलने वाली है।
बीते माह मुख्य स्वास्थ्य सचिव ने भी चंबा मेडिकल कॉलेज का दौरा किया था। इस दौरान उन्होंने एमसीआई की सभी आपत्तियों पर मेडिकल कॉलेज प्राचार्य से विस्तार से चर्चा की थी। उन्होंने आश्वासन दिया कि वह सरकार के समक्ष उपरोक्त विभागों में असिस्टेंट प्रोफेसर तैनात करने की बात रखेंगे। इससे मेडिकल कॉलेज के दूसरे सत्र को लेकर किसी प्रकार की परेशानी न हो। चंबा मेडिकल कॉलेज का दूसरा सत्र शुरू होने से चंबा में एमबीबीएस प्रशिक्षुओं की संख्या सौ से दौ सौ हो जाएगी। साथ ही डॉक्टरों की संख्या में भी इजाफा होगा। इससे जिले की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी।
एमसीआई के दौरे से पहले नियुुक्त होंगे असिस्टेंट प्रोफेसर : डॉ अनिल ओहरी
मेडिकल कॉलेज प्राचार्य डॉ. अनिल ओहरी ने बताया कि उपरोक्त विभागों को अस्पताल में स्थापित किया जा चुका है। असिस्टेंट प्रोफेसर की तैनाती को लेकर सरकार को प्रस्ताव भेजा गया है। इसकी स्वीकृति जल्द ही मिलने वाली है। एमसीआई के दौरे से पहले विभागों में असिस्टेंट प्रोफेसर नियुक्त हो जाएंगे।