सलूणी (चंबा)। डेढ़ साल में बनने वाली 11 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण कार्य पांच साल में भी पूरा नहीं हो पाया है। इसकी वजह से दो पंचायतों की ढाई हजार आबादी को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। डलहौजी विस क्षेत्र की वर्तमान विधायक ने वर्ष 2017 में मैढ़ा-जखराल सड़क का शिलान्यास किया था। उस दौरान ठेकेदार को 18 माह में सड़क बनाने के निर्देश दिए गए थे लेकिन, ठेकेदार ने अपनी मनमर्जी से निर्माण कार्य को चला रखा है। यही वजह है कि पांच साल की अवधि में सड़क का कार्य पूरा नहीं हो पाया है। ग्रामीण बीमार लोगों को छह किलोमीटर पीठ पर उठाकर मुख्य सड़क तक पहुंचाने के लिए मजबूर हैं।
ग्राम पंचायत सूरी और किलोड़ की ढाई हजार आबादी की सुविधा के लिए पांच साल पहले सड़क का शिलान्यास किया गया था। शिलान्यास होने से ग्रामीण इस बात को लेकर खुश थे कि उन्हें जल्द सड़क और बस सुविधा का लाभ मिलेगा। सड़क का कार्य छह किमी के बाद बंद हो गया। अब शेष पांच किलोमीटर के कार्य को पूरा करने में ठेकेदार लापरवाही बरत रहा है। इसको लेकर ग्रामीणों में रोष है। किलोड़ पंचायत प्रधान मंजूबाला, उपप्रधान संजीव कुमार, वार्ड सदस्य शीला कुमारी, सूरी प्रधान किशन चंद और बीडीसी अमर सिंह ने बताया कि विस चुनाव से पहले सड़क का निर्माण नहीं किया तो ग्रामीण चुनाव में अपने मत का प्रयोग नहीं करेंगे। इसके लिए सरकार और प्रशासन जिम्मेदार होंगे।
लोनिवि के अधिशासी अभियंता दीपक महाजन ने बताया कि संबंधित ठेकेदार को एक माह में निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। ऐसा नहीं करने पर ठेकेदार के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।