पुखरी (चंबा)। ग्राम पंचायत पुखरी के गांव हमल में एक महीने से पेयजल आपूर्ति ठप पड़ी है। इससे ग्रामीणों में हाहाकार मचा गया है। पानी की आपूर्ति बाधित होने से हमल गांव के बाशिंदों को चार किलोमीटर दूर मसरूंड से पानी निजी वाहनों से मंगवाना पड़ रहा है। ऐसे में लोगों को पानी के एवज में 600 रुपये से लेकर 800 रुपये की अदायगी करनी पड़ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि इस बारे में वह विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों को कई बार अवगत करवा चुके हैं।
इस पर अधिकारियों ने उन्हें आश्वासन दिया कि गांव के लिए पानी का टैंकर लगाया जाएगा। बावजूद हैरानी की बात यह है कि एक माह का समय बीत जाने के बाद अभी तक गांव के लिए पानी के टैंकर की व्यवस्था तक नहीं की गई है। बहरहाल, ग्रामीणों ने अधिशासी अभियंता से उक्त समस्या का निदान करने की मांग की है। पुखरी पंचायत के हमल में पानी की किल्लत ने लोगों की दिक्कतों को बढ़ाने का काम किया है। गांव में एक माह से पानी की आपूर्ति न होने से लोगों को पीने और मवेशियों को पिलाने के लिए पानी पैसे देकर मंगवाना पड़ रहा है।
ऐसे में पानी के कनेक्शन लेने के बाद भी उन्हें अतिरिक्त पैसे खर्च करने पड़ रहे हैं। ग्रामीण सुरेंद्र सिंह, कुलदीप, नरेंद्र सिंह, वीरेंद्र सिंह, केहर सिंह, सतीश कुमार, हरनाम, बिंता देवी, सुमन देवी, ममता देवी, बीना देवी और कौशल्या देवी का कहना है कि पेयजल आपूर्ति न होने के बारे में विभागीय अधिकारी को सूचित किया गया था। मगर उन्हें आज तक कोई राहत नहीं मिली है। आईपीएच विभाग के अधिशासी अभियंता दिनेश कपूर ने बताया कि समस्या उनके ध्यान में है। जल्द ही इसका समाधान करवा दिया जाएगा।