चंबा। चंबा पुलिस ने अवैध शराब के साथ अब दुकानों और ढाबों में अवैध रूप से पेट्रोल बेचने वालों के खिलाफ भी अभियान छेड़ दिया है। पुलिस की टीम सड़कों किनारे चल रही दुकानों और ढाबों में जहां पर अवैध रूप से पेट्रोल बेचा जाता है, उनके खिलाफ कार्रवाई कर रही है। रविवार को पुलिस की टीम ने चंबा-भरमौर मार्ग पर रजेरा के पास एक दुकान से 32 लीटर पेट्रोल जब्त किया है। इसे बोतलों में भरकर बेचने के लिए रखा गया था। हालांकि कोई भी दुकानदार बिना लाइसेंस ज्वलंत तरल पदार्थ नहीं बेच सकता।
इससे किसी प्रकार की अप्रिय घटना होने की संभावना रहती है। इसको देखते हुए सरकार ने पेट्रोल की बिक्री के लिए पेट्रोल पंपों की व्यवस्था की है। मगर क्षेत्र में पेट्रोल पंपों की कमी होने के कारण इस तरह की समस्या पेश आ रही है। चंबा में किराना और ढाबा संचालक मुनाफा कमाने के लिए अवैध रूप से पेट्रोल बेच रहे हैं। जबकि वाहन चालकों को महंगे दामों पर पेट्रोल बेचा जा रहा है। दुकानदार पेट्रोल पंपों से तय दामों पर पेट्रोल खरीदते हैं।
इसके बाद में ज्यादा दामों पर बेचते हैं। इसके अलावा पेट्रोल में मिट्टी का तेल भी मिलाया जाता है। इस प्रकार का मिलावटी तेल डालने से लोगों की गाड़ियां भी खराब हो रही है। पुलिस अधीक्षक डॉ. मोनिका ने बताया कि रजेरा के पास दुकान से पुलिस ने अवैध रूप से बेचा जा रहा पेट्रोल जब्त किया है। पुलिस का अभियान आगे भी जारी रहेगा। ढाबों और दुकानों में बिना लाइसेंस पेट्रोल नहीं बेचा जा सकता है।