चंबा। मेडिकल कॉलेज चंबा में सेवाएं देने के नाम पर दो डॉक्टर निजी क्लीनिकों में कमाई कर रहे हैं। अस्पताल प्रबंधन ने ऐसे दो चिकित्सकों को इस संबंध में शिकायतें मिलने के बाद नोटिस जारी कर दिए हैं। प्रबंधन के मुताबिक डॉक्टर अस्पताल में सेवाएं देने के दौरान यहां आने वाले मरीजों को निजी क्लीनिक और अस्पताल में बुलाते थे और यहां इलाज के नाम पर उनसे मोटी कमाई की जाती थी। इस तरह से डॉक्टर आम मरीजों को हजारों का चूना लगा रहे थे। अस्पताल प्रबंधन को लंबे समय से इस बारे में शिकायतें मिल रही थी कि मेडिकल कॉलेज में तैनात कई डॉक्टर निजी अस्पतालों में काम करके अपना धंधा चमका रहे हैं। यह सिलसिला लंबे समय से चल रहा था। ऐसे में कई लोगों ने अस्पताल प्रबंधन से भी इस संबंध में शिकायत दर्ज करवाई थी। इसके बाद प्रबंधन ने अपने स्तर पर इसकी छानबीन की और आगामी कार्रवाई करते हुए चिकित्सकों को नोटिस जारी कर दिए हैं। नियमों के तहत कोई भी सरकारी सेवा में कार्यरत डॉक्टर निजी अस्पताल में सेवाएं नहीं दे सकता है। नोटिस का जवाब दोनों डॉक्टरों को तय समय में देना होगा।
आधा दर्जन डॉक्टर नौकरी छोड़ खोल चुके हैं निजी क्लीनिक
चंबा अस्पताल में आने वाले डॉक्टर कुछ वर्ष सेवाएं देने के बाद अपना अस्पताल या निजी क्लीनिक खोल लेते हैं। यह सिलसिला काफी समय से चल रहा है। अभी तक चंबा अस्पताल में सेवाएं देने वाले आधा दर्जन डॉक्टर नौकरी छोड़ निजी अस्पताल में जा चुके हैं। ऐसा सिर्फ इसलिए किया जा रहा है ताकि मरीजों से मोटी कमाई की जा सके। सरकारी अस्पताल में डॉक्टरों को तय वेतन मिलता है। जबकि निजी अस्पताल में ऑपरेशन सहित अन्य इलाज के मनमाने दाम वसूले जा सकते हैं। ऐसा करने वाले डॉक्टरों के पर सरकार और विभाग की ओर से भी कोई कड़ी कार्रवाई नहीं हो पाई है। सरकारी अस्पताल में तैनात डॉक्टर निजी अस्पताल खोलने के लिए विभाग और सरकार से अनुमति ले लेता है। मगर उसे रोका तक नहीं जाता। चंबा मेडिकल कॉलेज प्रबंधन निजी अस्पताल या क्लीनिक चलाने वाले डॉक्टरों पर कार्रवाई करने की योजना बना रहा है। इसके लिए प्रबंधन की ओर से दो डॉक्टरों को नोटिस भी जारी किए कर दिए हैं।
निजी अस्पताल और क्लीनिक में सेवाएं देने पर जारी किए गए नोटिस : अनिल ओहरी
मेडिकल कॉलेज प्राचार्य डॉ. अनिल ओहरी ने बताया कि अस्पताल में सेवाएं दे रहे दो डॉक्टरों की निजी अस्पताल और क्लीनिक में सेवाएं देने की शिकायत मिली है। इसको लेकर डॉक्टरों को नोटिस जारी किए गए हैं। इसके बारे में स्वास्थ्य निदेशालय को भी अवगत करवा दिया गया है। डॉक्टरों को नोटिस का जल्द जवाब देना होगा।