34 लाख से बनेगी सालुंई-सरोल सड़क
सदर विधायक पवन नैयर ने किया भूमि पूजन, कहा जल्द होगा निर्माण
अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। चंबा के विधायक पवन नैयर ने कहा कि सालुंई से सरोल वाया मंगलासनी संपर्क सड़क जल्द बनेगी। पवन नैयर ने यह बात बुधवार को चंबा विधानसभा क्षेत्र के तहत सालुंई से सरोल वाया मंगलासनी संपर्क सड़क का भूमि पूजन करने के बाद कही। उन्होंने कहा कि चंबा विधानसभा क्षेत्र में संपर्क सड़कों के महत्व को समझते हुए पूरी प्राथमिकता दी जाएगी। गांवों जब संपर्क सड़कों से जुड़ेंगे तो वहां का आर्थिक और सामाजिक विकास अपने आप रफ्तार पकड़ेगा। उन्होंने बताया कि सालुंई से सरोल वाया मंगलासनी सड़क के निर्माण पर 34 लाख रुपए की राशि खर्च होगी। इससे पूर्व बिजली बोर्ड के कर्मचारियों ने पवन नैय्यर को सम्मानित भी किया।
इस मौके पर भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी के पूर्व सदस्य महाराज कृष्ण बडियाल, भाजपा मंडल अध्यक्ष विनोद कुमार, सरोल पंचायत प्रधान धीरज नरियाल, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण जीत सिंह ठाकुर, अधिशासी अभियंता बिजली बोर्ड योगेश शर्मा समेत अन्य विभागीय अधिकारी और पंचायत प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। इसके बाद विधायक ने साहू में 200 साल पुराने गुरुद्वारे में माथा टेका। उन्होंने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि इतने पुराने धार्मिक स्थल पर उन्हें जाने का मौका मिला। उन्होंने गुरुद्वारा प्रबंधन को आश्वासन दिया कि इसकी बेहतरी के लिए हर संभव प्रयास होंगे। गुरुद्वारा प्रबंधन ने पवन नैय्यर का स्वागत करते हुए कहा कि यह उनके लिए भी पहला मौका है कि जब कोई हलके का जनप्रतिनिधि यहां पहुंचा है।