चंबा। जिले के तीन ब्लॉकों के तहत आते राशन के डिपुओं में नियमित रूप से राशन की जांच नहीं हो रही है। इसकी वजह यहां निरीक्षकों के पद रिक्त होना है। निरीक्षकों के पद रिक्त होने के चलते जहां राशन की जांच नहीं हो रही पा रही है, वहीं दूसरी ओर राशन डिपुओं का निरीक्षण भी नहीं हो पा रहा है। इसके चलते यहां कैसा राशन लोगों को मिल रहा है, इसके बारे में विभाग को कोई जानकारी भी नहीं मिल पा रही है। निरीक्षकों का मुख्य कार्य राशन डिपुओं में आने वाले राशन की खेप का सैंपल लेना है, जिससे उपभोक्ताओं को खराब राशन न मिल सके। लेकिन यहां चार माह से निरीक्षकों के पद खाली हैं। जानकारी के अनुसार सलूणी, मैहला और चंबा में निरीक्षकों के पद खाली पड़े हैं। भरमौर और भटियात में ही पद भरे हुए हैं। सरकार ने डिपुओं के औचक निरीक्षण और अन्य क्षेत्रीय कार्यों को लेकर निरीक्षकों की तैनाती की हुई है, लेकिन जिला चंबा के तीन ब्लॉकों में निरीक्षकों के पद रिक्त हैं।
जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक संदीप भारद्वाज ने बताया कि तीन निरीक्षकों के पद रिक्त हैं। उन्होंने कहा कि इसके बारे में सरकार को अवगत करवा दिया गया है। उन्होंने उम्मीद जताई है कि सरकार जल्द जिले में रिक्त तीन निरीक्षकों के पदों को भरेगी।