हिमाचल के किन्नौर में बोलेरो गाड़ी खाई में गिर गई। हादसे में 13 युवकों की मौत हो गई है। पुलिस के अनुसार किन्नौर जिले के चौरा-बड़ा कंबा संपर्क मार्ग में बोलेरो कैंपर करीब 400 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इससे 13 युवकों की मौत हो गई और एक युवक घायल हो गया।
विज्ञापन
यह बोलेरो कैंपर भावा घाटी के बेई से बड़ा कंबा की और वापिस आ रही थी। हादसा शुक्रवार रात करीब दस बजे हुआ। जानकारी के अनुसार सभी युवक गाड़ी नंबर एचपी 26 ए 1197 में बेई गांव से शादी समारोह में शिरकत करने के बाद वापस अपने घर बड़ा कंबा लौट रहे थे।
लेकिन छोटा कंबा के समीप पंहुचते ही चालक ने वाहन से अपना नियंत्रण खो दिया और गाड़ी करीब 400 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। गाड़ी में कुल 14 युवक सवार थे जिसमें से 12 युवकों की घटना स्थल पर ही मौत हो गई जबकि एक की मौत रामपुर अस्पताल ले जाते हुए रास्ते में हुई।
विज्ञापन
12 ने मौके पर तोड़ा दम, एक ने छलांग लगाकर बचाई जान
पुलिस जांच में जुट गई है। मृतकों की शिनाख्त की जा रही है।
- फोटो : अमर उजाला
घायल की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। हादसे की सूचना मिलते ही थाना भावानगर से पुलिस बल राहत और बचाव कार्य के लिए घटनास्थल पर पंहुचा और रात को ही कुछ शवों को खाई से बाहर निकाला।
ज्यूरी से आईटीबीपी के जवान भी रात को ही घटनास्थल पर पंहुच गए थे। एसडीएम भावानगर सुरेंद्र मोहन स्वयं घटनास्थल पर राहत व बचाव कार्यों की कमान संभाले हुए थे। सभी मृतकों की पहचान कर ली गई है। मृतकों में एक दुल्हन का भाई भी बताया जा रहा है। एक युवक ने छलांग लगाकर जान बचाई
पुलिस ने धारा 304, 279(ए) के तहत मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। एसडीएम भावानगर सुरेंद्र मोहन ने बताया कि सभी मृतकों को दस-दस हजार रूपए की फौरी राहत दे दी गई है। घायल को पांच हजार दिए गए हैं।
हादसे की पुष्ठि करते हुए एसएपी किन्नौर खुशाल शर्मा ने बताया कि शवों का पोस्टमार्टम करके परिजनों को सौंप दिया है। उधर, विस उपाध्यक्ष जगत सिंह नेगी जिला किन्नौर कांग्रेस उमेश नेगी और पूर्व विधायक तेजवंत नेगी, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष सूरत नेगी ने हादसे का शिकार हुए लोगों के प्रति संवेदनाएं प्रकट की हैं।
मृतकों में श्रवण कुमार (31) पुत्र राम चंद्र निवासी शोरंग, रविंद्र कुमार (32) पुत्र बहादुर सिंह निवासी शोरंग, संजीव कुमार (34) पुत्र हरमन सिंह निवासी बड़ा कंबा, पवन कुमार आयु (18) पुत्र भोला नंद, बडाकंबा दीपक (24) पुत्र रमेश चंद, बडा कंबा श्रवण कुमार (28) पुत्र दिवान सिंह, बडा कंबा योगेश कुमार (18) पुत्र सोहन लाल, छोटा कंबा दुर्गा सिंह (24) पुत्र हमीर चंद, बडाकंबा राजेंद्र कुमार (23) पुत्र मोती लाल बडा कंबा वाहन चालक मुकेश कुमार (25) पुत्र केदार सिंह निवासी बड़ा कंबा, अरविंद (16) पुत्र प्रेम सिंह निवासी ख्यूंच कूट तहसील रामपुर और अभिषेक (18) पुत्र बुद्धि सिंह गांव घरशु शामिल हैं।
वहीं, हरि कृष्ण (25) पुत्र बिंद्र सिंह निवासी बडा कंबा की मृत्यु रामपुर अस्पताल ले जाते हुए रास्ते में हुई। घायल की पहचान उदय सिंह (24) पुत्र ईश्वर सिंह निवासी बड़ा कंबा के रूप में हुई है।