हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के तीसा स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में नियुक्त जीव विज्ञान की प्रवक्ता अर्चना शर्मा को शिक्षा विभाग ने बर्खास्त कर दिया है। विभागीय जांच में बिना अनुमति ड्यूटी से अनुपस्थित रहने और कर्तव्य में लापरवाही के आरोप सिद्ध होने के बाद स्कूल शिक्षा निदेशालय ने यह कार्रवाई की है। विभाग के अनुसार अर्चना शर्मा ने 06 सितंबर 2019 को तीसा स्कूल में बतौर प्रवक्ता (जीव विज्ञान) ज्वाइन किया था, लेकिन वह केवल तीन दिन ही स्कूल में ड्यूटी पर रहीं। इसके बाद लगातार अवकाश संबंधी आवेदन भेजे और फिर 8 नवंबर 2019 से बिना अनुमति के ड्यूटी से अनुपस्थित रहीं।