संडे ऑन साइकिल कार्यक्रम में की भागीदारी
स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए किया प्रेरित
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। भारतीय खेल प्राधिकरण के एसटीसी बिलासपुर की ओर से रविवार को फिट इंडिया मूवमेंट के तहत संडे ऑन साइकिल के 58वें संस्करण का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम साईं और चुनाव कार्यालय बिलासपुर के सहयोग से राष्ट्रीय मतदाता दिवस के उपलक्ष्य में माय भारत, माय वोट थीम के अनुरूप आयोजित किया गया। आयोजन का उद्देश्य युवाओं में शारीरिक फिटनेस के साथ-साथ लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देना रहा।
कार्यक्रम में 150 प्रतिभागियों ने भाग लिया। इस अवसर पर जिला निर्वाचन अधिकारी, तहसीलदार, नेहरू युवा केंद्र के अधिकारी तथा जिला युवा एवं खेल सेवाएं विभाग के अधिकारियों ने भी उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम की विशेष बात यह रही कि इसमें पहली बार मतदाता बने 50 युवाओं ने सक्रिय भागीदारी की।
यह आयोजन माय भारत, माय वोट पदयात्रा के रूप में किया गया। इसके माध्यम से शारीरिक फिटनेस को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ युवाओं को मतदान के महत्व, नागरिक कर्तव्यों और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान अधिकारियों ने युवाओं से अपने मताधिकार का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने, लोकतांत्रिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने तथा नियमित रूप से खेल और व्यायाम को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का समापन फिट इंडिया और सशक्त लोकतंत्र के संदेश के साथ किया गया। इस अवसर पर युवाओं ने संकल्प लिया कि वे न केवल स्वयं स्वस्थ रहेंगे, बल्कि समाज में भी फिटनेस और मतदान के प्रति जागरूकता का संदेश फैलाएंगे।