घुमारवीं और झंडूता में निकाली नशा मुक्त सुरक्षा युक्त बाइक रैली
-केंद्रीय मंत्री ने 1000 बाइक चालकों को बांटे हेलमेट
संवाद न्यूज एजेंसी
बरठीं (बिलासपुर)। नशा मुक्त सुरक्षा युक्त अभियान के तहत शुक्रवार को झंडूता और घुमारवीं में बाइक रैली का आयोजन किया गया। रैली को केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने हरी झंडी दिखाई। साथ ही एक हजार बाइक चालकों को हेलमेट प्रदान किए। झंडूता में यह रैली खरौटा मंदिर बरठीं और घुमारवीं में लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह से शुरू हुई।
इस दौरान अनुराग ठाकुर ने कहा कि हिमाचल को खेलों में आगे ले जाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। बिलासपुर में साईं एनटीपीसी वाटर स्पोर्ट्स सेंटर का उद्घाटन कुछ समय पहले किया गया है। आज वहां पर खिलाड़ी कयाकिंग और रोइंग का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि वाटर स्पोर्ट्स सेंटर खुलने से क्षेत्र में पर्यटन की अपार संभावनाएं होंगी और स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा। इसके लिए अधिकारियों को भी निर्देश दिए गए हैं। अनुराग ने युवाओं को नशे से दूर रहने और खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। बाइक रैली में भाग लेने वाले सभी चालकों को हेलमेट दिए गए। इस मौके पर पूर्व मंत्री राजेंद्र गर्ग, जिला भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र सांख्यान और प्रदेश भाजपा प्रवक्ता महेंद्र धर्माणी मौजूद रहे।