अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस पर क्रिसेंट पब्लिक स्कूल में कार्यक्रम,भाषण और पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता भी हुई
संवाद न्यूज एजेंसी
जुखाला (बिलासपुर)। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग सदर ब्लॉक मार्कंडेय की ओर से खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुरेंद्र सिंह बावा के दिशा-निर्देश में क्रिसेंट पब्लिक स्कूल बिलासपुर में अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस के तहत जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्कूल के प्रधानाचार्य दिनेश सिंह ने की।
हेल्थ एजुकेटर मस्तराम ने विद्यार्थियों और उपस्थित लोगों को इस वर्ष के अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस की थीम विभिन्न संदर्भ, समान आकांक्षाएं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने एचआईवी और एड्स के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि एचआईवी से बचाव के लिए इसके बारे में सही और पूरी जानकारी होना बेहद जरूरी है। उन्होंने बताया कि असुरक्षित यौन संबंध, संक्रमित रक्त, संक्रमित सुई के इस्तेमाल तथा संक्रमित माता-पिता से बच्चे में एचआईवी संक्रमण फैल सकता है। उन्होंने कहा कि चरित्र निर्माण, शिक्षा और अनुशासन युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की नींव हैं। युवाओं को विद्यार्थी जीवन में अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करते हुए शिक्षा, रोजगार और तकनीकी क्षेत्र में विशेषज्ञता हासिल करनी चाहिए। इससे वे देश के विकास में योगदान देने के साथ रोजगार के बेहतर अवसर भी प्राप्त कर सकते हैं।
शिविर में विद्यार्थियों को नशे से होने वाले नुकसान और पोषण संबंधी जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम के दौरान भाषण और पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिताएं करवाई गईं, जिनमें 14 विद्यार्थियों ने भाग लिया। भाषण प्रतियोगिता में आकांक्षा पहले, युगल दूसरे और रिद्धिमा तीसरे स्थान पर रहीं। पोस्टर मेकिंग में भूमिका ने पहला, जोवनप्रीत ने दूसरा और स्नेहा ने तीसरा स्थान हासिल किया। विजेताओं सहित सभी प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।