-बलोह टोल प्लाजा पर एएनटीएफ कुल्लू को मिली सफलता
-आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) कुल्लू की टीम ने शनिवार रात किरतपुर-नेरचौक फोरलेन बलोह टोल प्लाजा पर निजी वॉल्वो बस में सवार राजस्थान के एक युवक को 759 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एनडीपीएस के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार एएनटीएफ की टीम ने बलोह टोल प्लाजा के पास नाका लगाकर वाहनों की जांच कर रही थी। इस दौरान टीम ने मनाली से दिल्ली जा रही एक निजी वॉल्वो बस को जांच के लिए रोका। जब टीम बस में चढ़ी तो बस में सवार एक युवक टीम को देख घबरा गया। शक के आधार पर टीम ने युवक की तलाशी ली। इस दौरान उसके कब्जे से 759 ग्राम चरस बरामद हुई। आरोपी युवक की पहचान दीपेश खत्री (28) निवासी गांव व डाकघर सतरावा तहसील शेरगढ़ जिला जोधपुर राजस्थान के रूप में हुई है। आरोपी को आगामी कार्रवाई के लिए पुलिस थाना घुमारवीं को सौंप दिया है। मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी घुमारवीं चंद्रपाल सिंह ने बताया कि आरोपी युवक को पुलिस ने हिरासत में लिया है और एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई की जा रही है।