दबट में 1.61 ग्राम चिट्टे के साथ पकड़ा युवक
आरोपी जमानत पर रिहा, पुलिस ने पूछताछ के लिए बुलाया थाने
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्सी(बिलासपुर)। कोट थाना पुलिस ने गश्त के दौरान दबट में 1.61 ग्राम चिट्टे के साथ एक युवक को पकड़ा है। वहीं, युवक के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कोट थाना में केस दर्ज किया गया है। आरोपी युवक को जमानत पर छोड़ दिया गया है, लेकिन पुलिस नशा माफिया की जड़ों तक पहुंचने के लिए इससे पूछताछ कर रही है, ताकि पंजाब से सटे विधानसभा क्षेत्र श्री नयना देवी जी में नशे के कारोबार पर अंकुश लगाया जा सके।
जानकारी के अनुसार बुधवार देर शाम को एसएचओ कोट गौरव भारद्वाज अपनी टीम के साथ दबट की ओर गश्त पर थे। पुलिस को सूचना मिली थी कि इस क्षेत्र में नशे की खरीद फरोख्त का कारोबार होता है। वहीं, पुलिस जब दबट के पास पहुंची तो वहां पर सड़क से आने जाने वाले वाहनों की तलाशी शुरू कर दी। इसी दौरान वहां से एक युवक बाइक पर आया। पुलिस ने उसे रोका तो वह घबरा गया। इसके बाद पुलिस ने उसकी तलाशी ली तो उसके पास 1.61 ग्राम चिट्टा पकड़ा गया।
एसएचओ कोट गौरव भारद्वाज ने बताया कि आरोपी के खिलाफ कोट थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। वहीं आरोपी जमानत पर है। कहा कि पुलिस उसे पूछताछ के लिए लगातार थाना बुला रही है, ताकि इस क्षेत्र में नशा कैसे पहुंचता है और कहां से पहुंचाया जाता है इसका पता चल सके। कहा कि पुलिस एसपी बिलासपुर दिवाकर शर्मा के आदेशानुसार विस क्षेत्र को नशे से मुक्त करने पर काम कर रही है।