बिलासपुर। उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा बिलासपुर सुदर्शन कुमार ने बताया कि जिला में बाल विज्ञान सम्मेलन 5 नवंबर से शुरू हो रहा है। ज्ञात रहे कि इस बार बाल विज्ञान सम्मेलन कोविड-19 के चलते ऑनलाइन हो रहा है। जिला विज्ञान पर्यवेक्षक रवि कुमार ने बताया कि इस वर्ष कोविड-19 के कारण 1223 बच्चों की रजिस्ट्रेशन ऑनलाइन पोर्टल पर हो पाई है।
इस बार उपमंडल स्तर पर साइंस क्विज, मैथ ओलंपियाड तथा एक्टिविटी कॉर्नर प्रतियोगिताएं ही करवाई जाएंगी। साइंटिफिक प्रोजेक्ट रिपोर्ट प्रतियोगिता इस बार सीधे जिला स्तर पर ही करवाई जाएगी। जिसकी सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बच्चों को व्हाट्सएप ग्रुप से जोड़ा जा चुका है। सारे निर्णायक मंडल की ट्रेनिंग पूरी हो चुकी है। इस बार का बाल विज्ञान सम्मेलन जूम, गूगल मीट तथा वेबेक्स इत्यादि ऑनलाइन वीडियो स्ट्रीमिंग एप द्वारा किया जाएगा। पूरे निर्णायक मंडल तथा आयोजक टीम जिला कार्यालय शिक्षा उपनिदेशक बिलासपुर से प्रतियोगिताओं का संचालन करेगी। इस आयोजन में 5 और 6 नवंबर को सब डिवीजन श्री नयना देवी जी से शुरुआत की जा रही है। इसके अतिरिक्त 9 और 10 नवंबर को सदर सब डिवीजन, 11 तथा 12 नवंबर को झंडूता सब डिवीजन, 17 तथा 18 नवंबर को घुमारवीं सब डिवीजन में प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।
उपमंडल स्तर पर करवाई जा रही तीन प्रतियोगिताओं में विजयी रहे प्रतिभागी तथा वेब पोर्टल पर साइंटिफिक प्रोजेक्ट रिपोर्ट में रजिस्टर्ड प्रतिभागी जिला स्तरीय बाल विज्ञान सम्मेलन में 19 नवंबर से 21 नवंबर 2020 तक भाग लेंगे। जिला स्तरीय बाल विज्ञान सम्मेलन में अपनी-अपनी प्रतियोगिता में चयनित प्रतिभागी राज्य स्तरीय बाल विज्ञान सम्मेलन 2020 में जिला बिलासपुर का प्रतिनिधित्व करेंगे। इन सभी प्रतियोगिताओं में सभी बाल वैज्ञानिक अपने-अपने स्कूल से ही हिस्सा लेंगे।
इस संबंध में शिक्षा उपनिदेशक ने पहले ही स्कूल के प्रमुखों को आदेश जारी कर दिए हैं। कोविड-19 के चलते जारी एसओपी को ध्यान में रखते हुए विद्यालय प्रभारियों से प्रतिभागी बच्चों को जरूरी सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए भी कहा है।