बरठीं (बिलासपुर)। वन क्षेत्र में जेसीबी के अवैध तरीके से घुसने पर वन विभाग ने 15,000 का जुर्माना लगाया है। वन परिक्षेत्र झंडूता के तहत वन बीट थुराण के तहत ओली से ककरू घाट के लिए अवैध तरीके से सड़क बनाने के लिए जेसीबी को ग्रामीणों द्वारा बुलाया गया था।
जैसे ही जंगल में जेसीबी का प्रवेश हुआ तो विभाग ने उसको अपने कब्जे में लेकर 5000 व जंगल में मिट्टी फेंकने की एवज में 10000 जुर्माना वसूला है। वन परिक्षेत्र अधिकारी अशोक कुमार शर्मा ने बताया कि वन बीट थुराण में गश्त के दौरान उनको भनक लगी कि जंगल में जेसीबी आ रही है। उन्होंने तुरंत कार्रवाई करते हुए जेसीबी को अपने कब्जे में लिया और जुर्माना ठोक दिया। उन्होंने बताया कि वन भूमि व पेड़ों की रक्षा के लिए हर समय तत्पर हैं। यदि इस प्रकार की वारदात को कोई अंजाम देने की कोशिश करता है तो विभाग उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाएगा।