बिलासपुर आईटीआई रोजगार मेले में नौकरी के लिए आवेदन करते युवा।
- फोटो : BILASPUR
बिलासपुर। बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करने के लिए श्रम एवं रोजगार विभाग की ओर से आईटीआई बिलासपुर में रोजगार मेले का आयोजन किया गया जिसमें प्रदेश भर से 1482 युवाओं ने भाग लिया। इस दौरान विभिन्न कंपनियों की ओर से 464 युवाओं को अलग-अलग क्षेत्रों में रोजगार के अवसर प्रदान किए गए। इस एक दिवसीय रोजगार मेले में 31 कंपनियों ने बिलासपुर में आकर प्रतिभावान युवाओं को रोजगार का अवसर दिया।
इस दौरान विधायक सुभाष ठाकुर ने कहा कि प्रदेश के बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए बेरोजगार युवाओं और कंपनियों को एक ही स्थान पर आमंत्रित कर रोजगार मेलों का आयोजन किया जा रहा है ताकि कंपनियां अपनी आवश्यकता के अनुसार बेरोजगार युवाओं का चयन करें तथा युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार के अवसर प्रदान करें।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के युवा मेहनती, ईमानदार और शारीरिक रूप से हर कार्य को करने के लिए सक्षम हैं। कंपनियां चयनित युवाओं को कार्य करने के लिए बेहतरीन वातावरण प्रदान करें जिससे कंपनियां भी तरक्की करें और युवाओं में भी कार्य करने की क्षमता बढ़े ताकि वे आर्थिक रूप से मजबूत होकर अपना और अपने परिवार का भरण-पोषण करने के लिए सक्षम हों। उन्होंने बताया कि इन्वेस्टर प्रदेश में 93 हजार करोड़ रुपये का निवेश करेंगे जिससे प्रदेश के लगभग 2 लाख युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे।
विधायक ने बताया कि बिलासपुर आईटीआई में वर्तमान में 9 शॉर्ट टर्म कोर्स भी चलाए जा रहे हैं जिनमें अवकाश के दिनों में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इन कोर्स में 250 प्रशिक्षणार्थी प्रशिक्षण ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान में मशीनिस्ट आईटीआई होल्डर की हर कंपनियों में मांग है। शीघ्र ही बिलासपुर आईटीआई में इस ट्रेड को आरंभ कर दिया जाएगा। युवाओं का व्यावसायिक मार्ग दर्शन करने के लिए समय-समय पर शिविरों का भी आयोजन किया जा रहा है। जिले में अब तक 36 शिविर लगाए जा चुके हैं।
इस दौरान अधिकारियों की ओर से युवाओं को रोजगार से संबंधित विस्तार से जानकारी दी गई। इस मौके पर जिला रोजगार अधिकारी हंसराज गुप्ता, जिला श्रम अधिकारी प्यारे लाल साहू, प्रधानाचार्य औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान अजेश के अतिरिक्त अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।