फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bilaspur News: कोटला में कथित नशे की हालत में मिले युवक-युवतियां, पुलिस ने मेडिकल कराकर छोड़ा

Sun, 07 Jun 2026 09:34 PM IST
शिमला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बिलासपुर
विज्ञापन
कोटला में कथित नशे की हालत में पकड़े युवक। स्रोत: जागरूक पाठक
विज्ञापन
तीन साथी मौके से फरार, एक युवक की जेब से इंजेक्शन मिलने की चर्चा
विज्ञापन




ग्रामीणों ने युवकों को पुलिस के हवाले किया, शुरू हुई जांच



संवाद न्यूज एजेंसी

घुमारवीं (बिलासपुर)। उपमंडल घुमारवीं की ग्राम पंचायत पट्टा के गांव कोटला में शनिवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब ग्रामीणों ने एक सुनसान स्थान पर पांच युवक-युवतियों को कथित रूप से नशे की हालत में देखा। ग्रामीणों के मौके पर पहुंचते ही वहां अफरातफरी का माहौल बन गया। इस दौरान दो युवतियां और एक युवक मौके से भागने में सफल रहे, जबकि दो युवक ग्रामीणों के हत्थे चढ़ गए। ग्रामीणों ने दोनों को पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने दोनों का मेडिकल परीक्षण कराकर उनके परिजनों को सौंप दिया। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद आगे कार्रवाई की जाएगी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पकड़े गए दोनों युवकों की हालत ठीक नहीं थी और वे अत्यधिक नशे के प्रभाव में प्रतीत हो रहे थे। ग्रामीणों की ओर से पूछताछ करने पर दोनों ने स्वयं को बरठीं क्षेत्र का निवासी बताया। बताया जा रहा है कि पकड़े जाने के बाद एक युवक ने ग्रामीणों के सामने हाथ जोड़कर माफी भी मांगी। घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। वायरल वीडियो में दोनों युवक बेसुध अवस्था में दिखाई दे रहे हैं और ग्रामीणों से बार-बार माफी मांगते नजर आ रहे हैं। ग्रामीणों का दावा है कि तलाशी के दौरान एक युवक की जेब से कुछ इंजेक्शन भी मिले हैं। हालांकि पुलिस ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
विज्ञापन


घटना की सूचना पूरे क्षेत्र में फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए। स्थानीय लोगों ने युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता जताते हुए प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो नशे का जाल ग्रामीण क्षेत्रों तक और अधिक फैल सकता है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। बाद में दोनों युवकों के परिजनों को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
उधर पंचायत उप प्रधान रवि कुमार ने बताया कि शनिवार शाम को ग्रामीणों ने गांव के समीप संदिग्ध परिस्थितियों में कुछ युवक-युवतियों को देखा था। सूचना मिलने पर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे, जहां दो युवक पकड़े गए जबकि अन्य साथी भाग निकले। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों ने जागरूक नागरिक होने का परिचय देते हुए सतर्कता दिखाई, जिसकी सराहना की जानी चाहिए। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि युवाओं को नशे के दलदल में धकेलने वाले तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
विज्ञापन

कोट
डीएसपी घुमारवीं विशाल वर्मा ने कहा कि ग्रामीणों की ओर से सूचना मिली थी, जिसके बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। दोनों युवकों को पुलिस अपने साथ लाई और उनका मेडिकल कराया गया। मेडिकल कराने के बाद दोनों को परिजनों को सौंप दिया है। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें